सुशांत सिंह राजपूत के निधन को एक महीने से ज्यादा का वक्त हो गया है। एक्टर ने 14 जून को अपने ही घर पर सुसाइड कर ली थी। सुशांत के इस कदम ने हर किसी को हैरान कर दिया है। अभी तक सुशांत के चाहने वाले इस गम से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। मुंबई पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और अब तक 35 से ज्यादा लोगों से पूछताछ भी हो चुकी है। अभिनेता के निधन के तुरंत बाद कई लोगों को इस बात की आभास हुआ था कि उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स के साथ छेड़खानी की जा रही है, जिसके चलते कई लोगों ने सीबीआई जांच की मांग भी की थी।
कई सेलेब्स भी सुशांत की मौत की सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं। बीजेपी नेता सुब्रमणयम स्वामी ने भी सीबीआई जांच की मांग की है। हालांकि खबरें ये भी आ रही हैं कि मुंबई पुलिस जल्द की एक्टर के निधन के मामले की जांच पूरी करके केस बंद करने वाली है।
कुछ लोगों ने जून के महीने में इस तरह की बातें उठाई थी तो वहीं कुछ लोगों का मानना है कि जुलाई के महीने में भी उन्हें सुशांत सिंह राजपूत के ट्विटर अकाउंट के नोटिफिकेशन मिले हैं। फैंस ने सोशल मीडिया पर कई स्क्रीनशॉट्स को शेयर करके अपनी बात सामने रखी है।
फिल्म अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती ने सोशल मीडिया पर सुशांत सिंह राजपूत के निधन के मामले में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सीबीआई जांच की मांग की है। रिया चक्रवर्ती ने पोस्ट में लिखा है, आदरणीय अमित शाह सर, मैं सुशांत सिंह राजपूत की गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती हूं। सुशांत के निधन को एक महीने से अधिक समय हो गया है। मुझे सरकार पर पूरा भरोसा है, हालांकि न्याय के हित में मैं आपसे हाथ जोड़कर निवेदन करती हूं कि इस मामले की सीबीआई जांच शुरू की जाए। मैं केवल यह जानना चाहती हूं कि सुशांत पर यह कदम उठाने का किसने दबाव डाला। मैं जानना चाहती हूं कि सुशांत सिंह राजपूत ने यह गंभीर कदम क्यों उठाया। सत्यमेव जयते। सादर। रिया चक्रवर्ती।
गौरतलब है कि सुशांत सिंह राजपूत के निधन को लेकर फिल्म अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती को सोशल मीडिया पर जमकर लताड़ा जा रहा था। सुशांत सिंह राजपूत के फैंस उन्हें दोष दे रहे थे, साथ ही यह भी कहा गया कि सुशांत सिंह राजपूत के अंतिम संस्कार में परिवार वालों ने रिया को आने की अनुमति नहीं दी थी। इसके चलते संदेह और बढ़ गया था। अब रिया चक्रवर्ती ने सुशांत सिंह राजपूत के जाने के एक महीने बाद सोशल मीडिया पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए सीबीआई जांच की मांग की है।