अनुराग और सुनील शेट्टी की फिल्म 'फाइल नंबर 323' को मेहुल चोकसी ने भेजा कानूनी नोटिस, मेकर्स ने कहा- यह आप ही हैं जिन्होंने...
By अनिल शर्मा | Published: November 18, 2022 02:39 PM2022-11-18T14:39:07+5:302022-11-18T14:44:17+5:30
इस फिल्म का हिस्सा होने के नाते सुनील शेट्टी ने भी विवाद पर जवाब दिया है। उन्होंने ईटाइम्स को बताया कि इस बात की खुशी है कि उनकी फिल्म के लिए कानूनी नोटिस जारी किया गया है।
मुंबईः अनुराग कश्यप और सुनील शेट्टी की आगामी फिल्म फाइल नंबर 323 को मेहुल चोकसी ने कानूनी नोटिस भेजा है। फिल्म विजय माल्या और नीरव मोदी के जीवन से प्रेरित बताई जा रही है। मेहुल चोकसी ने फिल्म के निर्माताओं और निर्देशक को एक 'सीज एंड डेजिस्ट' नोटिस जारी किया। निर्माताओं ने इसका जवाब देते हुए कहा कि आप ही हैं, जिसने आपका नाम खराब किया है। आप हमें स्पष्ट करने के लिए क्यों कह रहे हैं? पब्लिक डोमेन में जो था वह हमारे लिए उपयोगी था।
इस फिल्म का हिस्सा होने के नाते सुनील शेट्टी ने भी विवाद पर जवाब दिया है। उन्होंने ईटाइम्स को बताया कि इस बात की खुशी है कि उनकी फिल्म के लिए कानूनी नोटिस जारी किया गया है। सुनील शेट्टी ने कहा, "मैं खुश था। तथ्य यह है कि किसी ने हमें यह कहते हुए कानूनी नोटिस भेजा है कि वे प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा रहे हैं और उन्हें बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं, यह हास्यास्पद है।'' अभिनेता ने कहा कि फिल्म के प्रोड्यूसर कलोल दास और पार्थ रावल ने जो जवाब दिया वह मुझे पसंद आया।
निर्माता कलोल दास और पार्थ रावल ने ई टाइम्स के साथ बातचीत में इसका खुलासा किया था कि उनकी फिल्म किसी भी तरह से मेहुल चोकसी का संदर्भ नहीं देगी और मानहानि के उनके दावे गलत हैं। निर्माता पार्थ रावल ने कहा था- "जिन लोगों ने आम भारतीय लोगों का पैसा लूटा है और भारत सरकार और अधिकारियों से फरार हैं और विदेशों में छिपे हुए हैं, वे हमें नोटिस जारी कर रहे हैं।'' उन्होंने कहा, "हमारी फिल्म आर्थिक अपराधियों के बारे में...सही तथ्यों और जानकारियों को पेश करेगी।"