दिहाड़ी मजदूरों की मदद के लिए कैटरीना कैफ ने बढ़ाए मदद के हाथ, नेक काम का किया एलान
By ऐश्वर्य अवस्थी | Published: June 11, 2020 07:00 AM2020-06-11T07:00:28+5:302020-06-11T07:00:28+5:30
लॉकडाउन में अपने-अपने घर पहुंचने के लिए पैदल निकल पड़े प्रवासी मजदूरों को लेकर सोनू सूद लगातार सराहनीय काम कर रहे हैं। वह घर से दूर फंसे लोगों को घर पहुंचा रहे हैं। सेलेब्स अलग अलग तरीके से मजदूरों की मदद कर रहे हैं।
भारत में कोरोना वायरस का कहर तेजी से फैल रहा है। इस वायरस के कारण लोगों के अंदर डर भी देखा जा रहा है। वहीं दूसरी तरफ सरकार ने बाजार की गतिविधियों को खोलने का आदेश दे दिया है। लेकिन अभी भी लोग घरों के बाहर नहीं निकल रहे हैं। इस महामारी की चोट सबसे ज्यादा दिहाड़ी मजदूरों पर पड़ी है। ऐसे में सेलेब्स काफी मजदूरों की अपनी अपनी तरह से मदद कर रहे हैं। इस लिस्ट में अब कैटरीना कैफ भी शामिल हो गई हैं।
लॉकडाउन में आर्थिक तंगी को झेल रहे दिहाड़ी मजदूरों की तरफ कैटरीना कैफ ने मदद का हाथ बढ़ाय़ा है। एक्ट्रेस ने अपने ब्रांड काय ब्यूटी के जरिए दिहाड़ी मजदूरों की मदद करने का एलान किया है।
इंस्टाग्राम के जरिए कटरीना ने मंगलवार को एलान किया कि वो महाराष्ट्र के भंडारा जिले के आसपास के जरुरतमंद परिवारों की सहायता करेंगी। कटरीना ने लिखा है, 'काय ब्यूटी और देहात फाउंडेशन #KareWithKayBeauty के लिए फिर से साझेदारी करने जा रहे हैं। हमने साथ में महाराष्ट्र के भंडारा जिले के आसपास के गांवों में रहने वाले दैनिक मजदूरों के परिवारों को अपना सहयोग दिया है। इसमें भोजन और सेनेटरी से जुड़ी सामग्रियां शामिल हैं।'
कटरीना कैफ ने इससे पहले पीएम केयर्स फंड और महाराष्ट्र मुख्यमंत्री राहत कोष में भी सहायता राशि दे चुकी हैं। इस बात की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा था, 'मैं पीएम कार्स फंड और मुख्यमंत्री राहत कोष महाराष्ट्र को दान करने का संकल्प लेती हूं।'
कैटरीना को आखिरी बार फैंस ने भारत फिल्म में देखा था। इस फिल्म में उनके अपोजिट सलमान खान नजर आए थे। फिल्म में सलमान , कैटरीना के अलावा, दिशा पाटनी, जैकी श्रॉफ भी अहम रोल में थे। फिल्म को फैंस ने जमकर पसंद किया था।