अभिनेता आमिर खान की मां जीनत हुसैन को पड़ा दिल का दौरा, अस्पताल में भर्ती
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: October 31, 2022 08:15 AM2022-10-31T08:15:14+5:302022-10-31T08:20:46+5:30
आमिर खान ने 13 जून को पूरे परिवार के साथ अपनी मां का जन्मदिन मनाया था। जन्मदिन पार्टी में अभिनेता की पूर्व पत्नी, निर्देशक-निर्माता किरण राव और उनके बेटे आजाद राव खान भी शामिल हुए थे।
मुंबईः अभिनेता आमिर खान की मां जीनत हुसैन का यहां शहर के एक अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। उन्हें इस सप्ताह की शुरुआत में दिल का दौरा पड़ा था। सूत्र के मुताबिक, खान की मां फिलहाल साउथ मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती हैं।
सूत्र ने बताया, "दिवाली के दौरान उन्हें दिल का दौरा पड़ा। उनका ब्रीच कैंडी अस्पताल में उपचार चल रहा है। वह अब ठीक हैं।’’ मीडिया की खबरों के अनुसार, हुसैन 57 वर्षीय अभिनेता आमिर खान के साथ हिल स्टेशन पंचगनी स्थित अपने घर पर थी, जब उन्हें दिल का दौरा पड़ा जिसके बाद उन्हें दक्षिण मुंबई स्थित अस्पताल ले जाया गया।
गौरतलब है कि आमिर खान ने 13 जून को पूरे परिवार के साथ अपनी मां का जन्मदिन मनाया था। जन्मदिन पार्टी में अभिनेता की पूर्व पत्नी, निर्देशक-निर्माता किरण राव और उनके बेटे आजाद राव खान भी शामिल हुए थे। आमिर खान ने एक शो में कहा था कि उनको इस बात का पछतावा होता है कि वह अपने परिवार के साथ पर्याप्त समय नहीं बिताना पाते हैं। आमिर चार भाई-बहनों में सबसे बड़े हैं। उनके एक भाई फैसल खान और दो बहनें फरहत और निखत खान हैं।