45 दिनों तक जूझने के बाद घर लौटे अभिनेता राहुल रॉय, लिखा- ‘पूरी तरह से ठीक होने में अब भी लंबा वक्त’ लगेगा
By सतीश कुमार सिंह | Published: January 7, 2021 01:45 PM2021-01-07T13:45:51+5:302021-01-07T13:47:10+5:30
अभिनेता राहुल रॉय ने बॉलीवुड में करियर की शुरुआत महेश भट्ट की फिल्म ‘आशिकी’ से 1990 में की थी। इसके बाद उन्होंने फिल्म निर्माता के साथ ‘जुनून’ और ‘फिर तेरी याद आई’ जैसी फिल्मों में काम किया।
मुंबईः नवंबर में ब्रेन स्ट्रोक का शिकार हुए अभिनेता राहुल रॉय को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। आशिकी फेम अभिनेता ने गुरुवार को अपने स्वास्थ्य के बारे में इंस्टाग्राम पर अपडेट साझा किया।
रॉय ने इंस्टाग्राम पर अपने शुभचिंतकों का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि लंबे समय तक अस्पताल में रहने के बाद वह घर लौट आए हैं और स्वस्थ हो रहे हैं लेकिन पूरी तरह से ठीक होने में अब भी समय लगेगा।
अभिनेता पिछले साल मस्तिष्क पक्षाघात का शिकार हो गए थे। ’आशिकी’ फिल्म से मशहूर हुए अभिनेता को करगिल में शूटिंग के बाद 27 नवंबर को नानावती अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया था। पिछले महीने 52 वर्षीय अभिनेता को वोकार्ड अस्पताल में भेजा गया था, जहां मस्तिष्क और हृदय की उनकी एंजियोग्राफी हुई थी।
राहुल रॉय ने उन सभी के प्रति आभार व्यक्त किया, जो इस समय उनके साथ खड़े थे। “आज मैं उन सभी का शुक्रिया अदा करना चाहता हूँ जो मेरे साथ खड़े थे, रोहित मेरे भाई, मेरी बहन और मेरी सबसे अच्छी दोस्त प्रियंका, मेरे जीजा रोमर और मेरे सभी प्रशंसकों ने मेरे लिए प्रार्थना की। लव यू ऑल।” रॉय ने बॉलीवुड में करियर की शुरुआत महेश भट्ट की फिल्म ‘आशिकी’ से 1990 में की थी। इसके बाद उन्होंने फिल्म निर्माता के साथ ‘जुनून’ और ‘फिर तेरी याद आई’ जैसी फिल्मों में काम किया।