लाइव न्यूज़ :

ब्लॉग: भारत अनेकता में एकता की समृद्ध विरासत का वाहक है

By लोकमत समाचार ब्यूरो | Updated: May 10, 2024 12:58 IST

भारत की बहुलता को चमड़ी के रंग और नस्ल का उदाहरण देकर दर्शाना निंदनीय है। कोई भी उसका समर्थन नहीं करेगा। इसीलिए कांग्रेस ने पित्रोदा की टिप्पणी से असहमति जताई।

Open in App

संवेदनशील मामलों पर बहुत सोच समझकर बोलना चाहिए क्योंकि उन पर विवाद तो होता ही है, समाज पर उसके खतरनाक परिणाम भी हो सकते हैं। राजनेताओं की कथित रूप से जुबान फिसलना आम बात है। उनकी टिप्पणियां लक्षित होती हैं। विवाद नहीं छिड़ा तो ठीक, छिड़ गया तो जुबान फिसल जाने का तर्क उनके पास रहता है। लेकिन सैम पित्रोदा जैसे बद्धिजीवी से विवादग्रस्त टिप्पणियों की अपेक्षा आम तौर पर नहीं की जाती। सत्यनारायण उर्फ सैम पित्रोदा उन लोगों में से हैं जिन्हें भारत में दूरसंचार क्रांति का अग्रदूत माना जाता है।

राजीव गांधी तथा डॉ. मनमोहन सिंह के प्रधानमंत्रित्व काल में वह उनकी सरकारों के सबसे महत्वपूर्ण सलाहकारों में से एक थे। राजीव तथा मनमोहन सरकार की टेक्नोलॉजी तथा स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी कई योजनाओं के पीछे उन्हीं का दिमाग बताया जाता है। सैम की कांग्रेस से निष्ठा जगजाहिर है। वह भारत में अनेकता में एकता का उदाहरण देते हुए बुधवार को कथित तौर पर नस्लभेदी टिप्पणी कर गए।

इस पर जमकर विवाद हो रहा है और लोकसभा चुनाव में भाजपा को कांग्रेस पर प्रहार करने का एक और हथियार मिल गया है। विवाद ने इतना तूल पकड़ लिया कि बुधवार को ही पित्रोदा को इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देना पड़ा। कुछ दिन पहले ही उन्होंने अमेरिका जैसे देशों में विरासत कर का उदाहरण देते हुए भारतीय संदर्भ में टिप्पणी कर दी थी।

उस पर भी बवाल मचा था और पित्रोदा को सफाई देनी पड़ी थी. पित्रोदा ने पॉडकास्ट में कहा था कि हम भारत जैसे विविधता से भरे देश को एकजुट रख सकते हैं। जहां पूर्वी भारत के लोग चीनी जैसे लगते हैं, पश्चिम के लोग अरब जैसे दिखाई देते हैं, उत्तर भारत के लोग गोरों तथा दक्षिण भारत के लोग अफ्रीकी जैसे लगते हैं। भारत की बहुलता में एकता का आदर्श पूरे विश्व में अनुकरणीय समझा जाता है। उसे दर्शाने के लिए पित्रोदा बेहतर शब्दों का उपयोग कर सकते थे।

भारत की बहुलता को चमड़ी के रंग और नस्ल का उदाहरण देकर दर्शाना निंदनीय है। कोई भी उसका समर्थन नहीं करेगा। इसीलिए कांग्रेस ने पित्रोदा की टिप्पणी से असहमति जताई। इस वक्त देश में लोकसभा चुनाव की गर्मी चरम पर है। पित्रोदा के बयान से जहां कांग्रेस तथा उसके मित्र दल बचाव की मुद्रा में आ गए, वहीं भाजपा को हमला करने का एक और मौका मिल गया।

खैर, राजनीति अपनी जगह है, मगर इस सच्चाई से कोई इंकार नहीं कर सकता कि भारत में जितने धर्म, भाषाएं, जातियां, संप्रदाय, पंथ, समुदाय हैं, दुनिया के अन्य किसी भी देश में नहीं हैं। जितने धर्म, जितनी जातियां, जितने संप्रदाय, उतनी ही धार्मिक सामाजिक सांस्कृतिक परंपराएं. ये सब परंपराएं एक-दूसरे से काफी अलग हैं। रहन-सहन के तौर-तरीके अलग हैं।

एक क्षेत्र से दूसरे क्षेत्र में जाने पर खानपान के भी नए तरीके देखने को मिलते हैं। इतनी विविधता के बावजूद भारत हजारों वर्षों से एकजुट रहा। भारत पर विदेशी हमले भी होते रहे। हूण, मंगोल, मुगल, अफगानों ने भारत पर हमले किए। बाद में वे भारतीय समाज और संस्कृति का हिस्सा बन गए। भारतीय समाज इतना सहिष्णु और उदार है कि वह हर किसी का स्वागत करता है, उसे अपनाता है और उसे अपने रंग में रंग देता है।

अमेरिका जैसे विकसित देश में रंग और नस्ल के आधार पर आज भी भेदभाव किया जाता है। अंग्रेजी हुकूमत ने भी भारतीयों के साथ नस्ल के आधार पर भेदभाव ही नहीं घोर अत्याचार भी किया लेकिन भारतीय समाज को वे चमड़ी के रंग, जाति या धर्म के आधार पर बांट नहीं सके। भारत के किसी भी कोने में चले जाइए, आपको हर तरह की विविधता दिखेगी। गुजराती और बिहारी या राजस्थानी आपको उत्तर पूर्व में दिखेंगे तो उत्तर-पूर्व के लोग भी देश के हर कोने में बसे हुए मिल जाएंगे।

दक्षिण भारतीयों ने उत्तर भारत को अपनाया तो हिंदी पट्टे के लोगों ने भी दक्षिण भारत में बसकर अपनी छाप छोड़ी। हमारे देश की सबसे बड़ी खासियत ही यह है कि धर्म, जाति, संप्रदाय या भाषा अथवा रंग कोई भी हो, हर व्यक्ति सबसे पहले खुद को भारतीय मानता है। सैम पित्रोदा के कहने का आशय नेक हो सकता है, लेकिन बयां करने का अंदाज निश्चित रूप से दिल को ठेस पहुंचा गया।

टॅग्स :सैम पित्रोदाकांग्रेसBJPभारत
Open in App

संबंधित खबरें

भारतWB Elections 2026: सुवेंदु अधिकारी या समिक भट्टाचार्य? अगर BJP जीतती है तो बंगाल का CM कौन होगा? अमित शाह ने दिया जवाब

कारोबारकिसान को 9000, महिला को 3000 और ग्रेजुएट युवा को 3,000 रुपये?, भाजपा का 'संकल्प पत्र' जारी, अमित शाह ने खेला दांव, वीडियो

भारतनीतीश के राज्यसभा सदस्य बनते ही सियासी हलचल?, पोस्टर में लिखा- “हे जनेश्वर, नीतीश सेवक मांगे निशांत, पूछता बिहार-आप जैसा कौन देगा सुरक्षा गारंटी और पूरा साथ?

भारतWest Bengal Elections 2026: अमित शाह ने बंगाल में जारी किया 'संकल्प पत्र', जानें घोषणापत्र की मुख्य बातें

भारत180 दिन में बंगाल में UCC, 45 दिन में 7वां वेतन?, महिलाओं को 3000 और किसानों को सालाना 9,000 रुपये, देखिए बीजेपी संकल्प पत्र में और क्या?

भारत अधिक खबरें

भारतदेश के सबसे अनुभवी नेताओं में से एक हैं नीतीश कुमार?, पीएम मोदी ने दी बधाई, लिखा-फिर संसद में देखना बहुत सुखद

भारतउद्धव ठाकरे गुट के 9 में से 8 सांसदों के साथ उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के साथ गुप्त बैठक?, शिवसेना के स्वामित्व और चिह्न पर 24 अप्रैल को फैसला?

भारतनीतीश कुमार ने राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली, 14 फरवरी को देंगे बिहार के सीएम पद से इस्तीफा?

भारतनीतीश कुमार ने नहीं दिया राज्यसभा सीट?, बीजेपी ने हरिवंंश को पूर्व प्रधान न्यायाधीश रंजन गोगोई की सेवानिवृत्ति से रिक्त हुई सीट पर किया मनोनीत

भारतइलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति यशवंत वर्मा ने इस्तीफा दिया, घर पर छापे के दौरान मिले थे जले नोट?