अगर आप भारत में फैंस से पूछें कि डब्ल्यूडब्ल्यूई (WWE) में वह किस भारतीय रेसलर का नाम जानते हैं तो उनका एक ही जवाब होगा और वह है द ग्रेट खली। खली WWE से जुड़ने वाले पहले भारतीय रेसलर हैं। भारत में इस खेल की लोकप्रियता बढ़ाने में खली का सबसे बड़ा योगदान रहा है। भारतीयों के लिए प्रोफेशनल रेसलिंग में अब तक सबसे बड़ा नाम रहे हैं द ग्रेट खली। आइए जानें इस रेसलर से जुड़ी कुछ खास बातें।
1.गरीबी में बीता बचपन
खली का असली नाम है दलीप सिंह राणा और उनका जन्म 27 अगस्त 1972 को हिमाचल प्रदेश के धीरानिया में हुआ था। खली अपने माता-पिता की सातवीं संतान थे। उनका शुरुआती जीवन आर्थिक परेशानियों के साथ बीता। जीवन यापन के लिए वह शिमला में सिक्यॉरिटी गॉर्ड की नौकरी किया करते थे। इसी दौरान पंजाब के एक पुलिस ऑफिसर की नजर उन पर पड़ी और उन्हें पंजाब पुलिस की नौकरी मिल गई। पंजाब आने के बाद खली ने जिम जाना शुरू किया और फिर वर्ल्ड रेसलिंग फेडरेशन (WWF) से जुड़ाव उन्हें अमेरिका ले गया और वह प्रोफेशनल रेसलर बने
2. ऐक्रमेगली नामक बीमारी से पीड़ित
.बचपन में खराब आर्थिक स्थिति की वजह से खली ऐक्रमेगली नाम बीमारी से पीड़ित हो गए। इस बीमारी में ग्रोथ हॉर्मोन के ज्यादा पैदा होने से शरीर का विकास काफी ज्यादा हो जाता है। यही वजह है कि खली का कद 7 फीट 1 इंच है। वह WWE इतिहास के चौथे सबसे लंबे खिलाड़ी है। खली का वजन 157 किलो है।
3.2006 में पहली बार WWE में आए नजर
खली ने WWE के साथ 2006 में पहली बार करार किया और इस लीग से जुड़ने वाले भारत के पहले रेसलर बन गए। खली WWE स्मैक डाउन में अपना डेब्यू अप्रैल 2006 में मार्क हेनरी के साथ चल रहे अंडरटेकर के मैच के दौरान उन पर हमला करते हुए की थी। खली WWE में शॉन डाइवरी (Shawn Daivari) के क्लाइंट के तौर पर उतरे थे। डाइवरी ने खली को अंडरटेकर को धूल में मिलाने के लिए अपने साथ जोड़ा था।
4.2007 में बने वर्ल्ड हैवीवेट चैंपियन
खली WWE के साथ सात सालों तक जुड़े रहे। वह जुलाई 2007 में 20 रेसलर के रॉयल बैटल में वर्ल्ड हैवीवेट चैंपियन बने थे। उन्होंने अपना आखिरी मैच अक्टूबर 2014 में स्मैक डाउन में रूसेव के खिलाफ खेला था। इसके कुछ ही हफ्ते बाद उनका करार खत्म हो गया और फिर वह WWE के लिए खेलते नजर नहीं आए थे। WWE छोड़ने के बाद खली ने पंजाब में कॉन्टिनेंटल रेसलिंग इंटरटेंमेंट नाम से अपना एक रेसलिंग स्कूल खोला है।
5.WWE में पंजाबी प्रिजन का कॉन्सेप्ट लाए खली
पंजाबी प्रिजन कॉन्सेप्ट खली के दिमाग की उपज है जो खली और अंडरटेकर के बीच प्रतिद्वंद्विता के दिनों में सामने आई। 2006 में ग्रेट अमेरिकी बैश में खली ने पंजाबी प्रिजन के मैच के लिए अंडरटेकर को चुनौती दी। खली एक और भारतीय मूल के रेसलर जिंदर महल को भी कई बार स्मैक डाउन में मात दे चुके हैं। हालांकि मई 2017 में उन्होंने रैंडी ऑर्टन के खिलाफ पंजाबी प्रिजन के मैच में जिंदर महल की मदद की और खली की मदद से जिंदर महल पहली बार WWE चैंपियन बन गए।