दुबईः दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास दो ड्रोन गिरने से एक भारतीय नागरिक सहित चार लोग घायल हो गए। दुबई मीडिया ऑफिस ने कहा कि अधिकारियों ने कन्फर्म किया है कि कुछ देर पहले दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास दो ड्रोन गिरे, जिससे घाना के दो नागरिकों और एक बांग्लादेशी नागरिक को मामूली चोटें आईं और एक भारतीय नागरिक को हल्की चोटें आईं। अधिकारियों ने बताया कि आपातकालीन टीमों ने तुरंत कार्रवाई की और स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया। एयर ट्रैफिक नॉर्मल चल रहा है। तसनीम न्यूज़ एजेंसी के अनुसार, अमेरिका और इज़राइल द्वारा जारी हमलों के दौरान ईरान के अलीगुदरज़ शहर पर हुए हमलों में कम से कम नौ लोग मारे गए हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि ये हमले तब हुए जब ईरान और उसके विरोधियों के बीच क्षेत्रीय स्तर पर लड़ाई तेज होती जा रही थी।
मंगलवार सुबह दुबई हवाई अड्डे के आसपास हवाई हमले के सायरन कुछ देर के लिए बजते रहे और यात्रियों व कर्मचारियों को लगातार अलर्ट किया गया। संयुक्त अरब अमीरात की हवाई सुरक्षा ने ईरान द्वारा दागी गई मिसाइलों और ड्रोन की चेतावनी दी थी। एक यात्री द्वारा बनाए गए वीडियो में लोग आश्रयों की ओर जाते हुए दिखाई दिए और दर्जनों खाली चेक-इन काउंटर भी दिखे।
संकेत मिलता है कि एयरलाइन कर्मचारियों को भी सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया था। उड़ान ट्रैकिंग वेबसाइटों के आंकड़ों से पता चला कि फुजैराह और अल-ऐन शहरों के पास आने वाली उड़ानें प्रतीक्षा कर रही थीं। लगभग 30 मिनट बाद हवाई अड्डे पर परिचालन फिर से शुरू हो गया।
बहरीन हवाई अड्डे पर भी सायरन बजे। सोमवार को एसोसिएटेड प्रेस ने बताया कि सऊदी अरब और कुवैती सेनाओं ने आठ ड्रोन नष्ट करने की पुष्टि की है, जिनमें से दो पूर्वी क्षेत्र में तेल क्षेत्रों को निशाना बनाकर दागे गए थे, जहां पिछले सप्ताह ईरानी ड्रोन ने रास तनुरा रिफाइनरी को निशाना बनाया था।
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच कतर से 1,000 भारतीय नागरिकों को निकाला गया
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच कतर में फंसे लगभग 1,000 भारतीय नागरिकों को मंगलवार को नयी दिल्ली, मुंबई और कोच्चि लाया गया। भारतीय दूतावास ने यह जानकारी दी। दोहा स्थित भारतीय दूतावास ने फंसे हुए भारतीय नागरिकों और आपातकालीन मामलों की यात्रा को सुविधाजनक बनाने के लिए कतर एयरवेज के साथ समन्वय किया। ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में यह जानकारी दी गयी।
भारत को समुद्र में मौजूद रूसी तेल को स्वीकार करने की अनुमति अस्थायी रूप से दी गई: व्हाइट हाउस
अमेरिका के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय ‘व्हाइट हाउस’ की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा है कि अमेरिका ने ईरान के साथ जारी संघर्ष के बीच ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए भारत को समुद्र में पोत पर पहले से मौजूद रूसी तेल ‘‘स्वीकार’’ करने की ‘‘अनुमति अस्थायी रूप से’’ दी है और इस अल्पकालिक कदम से रूस को कोई बड़ा वित्तीय लाभ नहीं होगा।