यूक्रेन में घायल भारतीय छात्र के इलाज का खर्च उठाएगी सरकार, बताया विदेश मंत्रालय; कहा- हरजोत सिंह के परिवार के संपर्क में है दूतावास
By आजाद खान | Updated: March 5, 2022 09:12 IST2022-03-05T09:06:35+5:302022-03-05T09:12:02+5:30
Russia Ukraine Crisis: वासिली नेबेंजिया ने आगे कहा, "यूक्रेनी राष्ट्रवादियों द्वारा जबरन बंधक बनाए जा रहे विदेशी नागरिकों की संख्या चौंकाने वाली है।"

यूक्रेन में घायल भारतीय छात्र के इलाज का खर्च उठाएगी सरकार, बताया विदेश मंत्रालय; कहा- हरजोत सिंह के परिवार के संपर्क में है दूतावास
Russia Ukraine Crisis: विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि सरकार ने यूक्रेन की राजधानी कीव में गोली लगने से घायल हुए भारतीय छात्र हरजोत सिंह के इलाज का खर्च उठाने का फैसला किया है। आपको बता दें कि सिंह का कीव के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। सिंह (31) 27 फरवरी को दो लोगों के साथ कीव से निकलने की कोशिश में यूक्रेन के पश्चिमी शहर लीव जाने के लिए कैब में सवार हुआ था। सिंह को चार गोलियां लगी थीं जिसमें एक गोली सीने में लगी। वह दिल्ली के रहने वाला है।
क्या कहा विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने
इस मामले में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा, ‘‘हमें मामले की जानकारी है। हमारा दूतावास उनके (परिवार) साथ संपर्क में है। मुझे लगता है कि वह अभी कीव के एक अस्पताल में है। हम उनकी चिकित्सा स्थिति का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।’’ बागची ने उम्मीद जतायी कि भारत सिंह और अन्य लोगों को ‘‘किसी तरह’’ वापस ला सकेगा।
राहत सामग्री को पहुंचाया गया है रोमानिया
अरिंदम बागची ने यह भी बताया कि भारतीय वायु सेना के तीन परिवहन विमान शुक्रवार को यूक्रेन के लिए राहत सामग्री लेकर गए। पहला विमान छह टन सामग्री लेकर रोमानिया के लिए रवाना हुआ जबकि दूसरा विमान नौ टन सामान लेकर स्लोवाकिया रवाना हुआ। वहीं तीसरा विमान आठ टन सामग्री लेकर पोलैंड गया है।
यूक्रेनी नागरिकों ने भारतीयों को बनाया है बंधक-रूस
रूस ने शुक्रवार को यूक्रेन के नागरिकों पर आरोप लगाया कि उन्होंने विभिन्न शहरों में 3,700 से अधिक भारतीय नागरिकों को जबरन बंधक बनाकर रखा है। रूस ने कहा कि उसकी सेना विदेशी नागरिकों की शांतिपूर्ण निकासी के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
यूक्रेन स्थित जापोरिज्जिया परमाणु संयंत्र पर हमले के बाद संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की एक आपात बैठक में रूसी स्थायी प्रतिनिधि वासिली नेबेंजिया ने कहा कि यूक्रेन में कट्टरपंथियों और चरमपंथियों को पश्चिमी देशों का संरक्षण हासिल है।
क्या कहा वासिली नेबेंजिया ने
वासिली नेबेंजिया ने आगे कहा, “यूक्रेनी राष्ट्रवादियों द्वारा जबरन बंधक बनाए जा रहे विदेशी नागरिकों की संख्या चौंकाने वाली है। खारकीव में भारत के 3,189 नागरिक, वियतनाम के 2,700 नागरिक, चीन के 202 नागरिक इसमें शामिल हैं। सूमी में 576 भारतीय नागरिक, 101 घाना के नागरिक और 121 चीनी नागरिक शामिल हैं।’’
नेबेंजिया ने कहा कि रूसी सेना विदेशी नागरिकों की शांतिपूर्ण निकासी सुनिश्चित करने के लिए सब कुछ कर रही है। उन्होंने कहा कि विभिन्न चौकियों पर 130 आरामदायक बसें भारतीय छात्रों और अन्य विदेशी नागरिकों को बचाने के लिए खारकीव और सुमी के लिए रवाना होने को तैयार हैं।