पाकिस्तान: घर पहुंची 'अगवा' सिख लड़की, जबरन इस्लाम कबूल कराने का आरोप, मामले में 8 की गिरफ्तारी
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: August 31, 2019 08:12 IST2019-08-31T08:12:57+5:302019-08-31T08:12:57+5:30
यह मामला लाहौर के ननकाना साहिब क्षेत्र का है। पाकिस्तान में ननकाना सिटी पुलिस ने इस मामले में 8 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। सिख लड़की को भी उसके घर पहुंचा दिया गया है।

पाकिस्तान: घर पहुंची अगवा सिख लड़की (फोटो- एएनआई)
पाकिस्तान में 19 साल की एक सिख लड़की को कथित तौर पर अगवा कर उससे जबरन इस्लाम धर्म कबूल करवाने और एक मुस्लिम युवक से निकाह के मामले में 8 लोगों का गिरफ्तार कर लिया गया है। यह गिरफ्तारी पाकिस्तान के पंजाब के ननकाना साहिब पुलिस ने की है। न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार सिख लड़की को भी उसके घर पहुंचा दिया गया है।
ननकाना सिटी पुलिस ने मामला सामने आने के बाद शुक्रवार को संदिग्धों में से एक अरसलान को गिरफ्तार कर लिया था। वह सिख लड़की से शादी करने वाले मुख्य संदिग्ध मोहम्मद हसन का दोस्त है। ननकाना सिटी पुलिस के जांच अधिकारी मुहम्मद जमील ने शुक्रवार को बताया था कि हसन को गिरफ्तार नहीं किया जा सका क्योंकि उसे अग्रिम जमानत मिली हुई है।
Sikh girl who was allegedly abducted and converted to Islam in Pakistan, has been sent to her parents. Punjab's Nankana Sahib police have arrested eight persons in the case. pic.twitter.com/YTCi3G9rdl
— ANI (@ANI) August 31, 2019
जमील ने कहा कि लड़की के वकील ने अदालत के समक्ष अपने बयान में कहा कि उसने इस्लाम धर्म अपना लिया और अपनी मर्जी से हसन से शादी की। पुलिस अधिकारी ने कहा कि लड़की ने अपने वकील शेख सुल्तान के माध्यम से अपने परिवार के आरोपों को खारिज कर दिया। इस बीच शादी समारोह में लड़की का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
वीडियो में लड़की कह रही है कि वह बिना किसी दबाव के उससे शादी कर रही है। अदालत के आदेश पर लड़की को दारुल अमन (आश्रय गृह) भेज दिया गया है। एक वीडियो संदेश में लड़की के परिवार ने दावा किया है कि उसका अपहरण कर लिया गया और जबरन धर्म परिवर्तन कराया गया।
क्या है पूरा मामला
यह मामला लाहौर के ननकाना साहिब क्षेत्र का है। लड़की पिछले कई दिनों से लापता थी लेकिन धर्म परिवर्तन कराने और एक मुस्लिम युवक से शादी के बाद गुरुवार को वह अचानक सामने आई। इसके बाद इस मामले ने तूल पकड़ा। सिख लड़की जगजीत कौर गुरुद्वारा तंबू साहिब में 'ग्रंथी' भगवान सिंह की बेटी है।
परिवार ने यह भी आरोप लगाये हैं कि उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है और शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है। परिवार ने इसके बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान से मदद मांगी थी।
भारत में भी इस घटना को लेकर शुक्रवार को हलचल रही और पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने इस मामले में नरेंद्र मोदी सरकार से तुरंत हस्तक्षेप करने की मांग की। उन्होंने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से आग्रह किया कि वह इस्लामाबाद में अपने समकक्ष के साथ यह मुद्दा उठाएं।
(भाषा इनपुट के साथ)