पाकिस्तान: भारी बारिश और बाढ़ के कारण अब तक 937 लोगों की हुई मौत-करोड़ों बेघर, ‘आपातकाल’ घोषित

By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: August 27, 2022 09:22 AM2022-08-27T09:22:02+5:302022-08-27T09:28:26+5:30

पाकिस्तान में आई बाढ़ पर बोलते हुए जलवायु परिवर्तन मंत्री शेरी रहमान ने बताया कि ‘पाकिस्तान में मानसून का आठवां दौर जारी है, आम तौर पर देश में मानसून की बारिश तीन से चार दौर में ही होती है।’’

Pakistan 937 people have died due to flash floods crores of homeless declared emergency need help | पाकिस्तान: भारी बारिश और बाढ़ के कारण अब तक 937 लोगों की हुई मौत-करोड़ों बेघर, ‘आपातकाल’ घोषित

फोटो सोर्स: Twitter PM Shehbaz Sharif / ANI

Highlights पाकिस्तान में बाढ़ के कारण अब तक 937 लोगों की गई जान चली गई है। बताया जा रहा है कि 2010 में आई बाढ़ से भी यह बदतर बाढ़ है। ऐसे में सिंध और बलूचिस्तान इलाके में करीब 11 लाख तंबूओं की जरुरत है।

इस्लामाबादर: भारी बारिश के चलते बाढ़ के हालात बनने के बीच शुक्रवार को खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कई जिलों में तत्काल प्रभाव से ‘आपातकाल’ की घोषणा की गई जोकि 30 अगस्त तक प्रभावी रहेगा। आपदा प्रबंधन अधिकारियों द्वारा स्वात नदी के उफान पर पहुंचने के संबंध में आगाह किए जाने के बाद यह निर्णय लिया गया है। 

बाढ़ के कारण 937 लोगों की गई जान

पाकिस्तान में भारी बारिश के कारण आई बाढ़ में अब तक 343 बच्चों समेत 937 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि कम से कम तीन करोड़ लोगों के बेघर होने की सूचना है। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के अनुसार, सिंध प्रांत में 14 जून से गुरुवार तक बाढ़ और बारिश से संबंधित घटनाओं में 306 लोगों की जान जा चुकी है। 

मानसून के मौजूदा मौसम में बलूचिस्तान में 234 लोगों की मौत हुई, जबकि खैबर पख्तूनख्वा तथा पंजाब प्रांत में क्रमशः 185 और 165 लोगों की जान चली गई। वहीं पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में 37 और गिलगित-बाल्टिस्तान क्षेत्र में नौ लोगों की मौत हुई है।

मानसून से सिंध और बलूचिस्तान सबसे अधिक प्रभावित

समाचार पत्र ‘डॉन न्यूज’ की खबर के अनुसार, एनडीएमए के आंकड़ों के मुताबिक पाकिस्तान में अगस्त माह में 166.8 मिमी बारिश हुई, जो इस अवधि में औसतन होने वाली 48 मिमी बारिश से 241 प्रतिशत अधिक है। 

इस मानसून में सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्र सिंध और बलूचिस्तान में क्रमश: 784 प्रतिशत और 496 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई। खबर के अनुसार, बारिश में असामान्य वृद्धि के कारण पाकिस्तान के दक्षिणी हिस्से में अचानक बाढ़ आ गई, जिसके कारण सिंध के 23 जिलों को ‘‘आपदा प्रभावित’’ घोषित किया गया है। 

बाढ़ में शहबाज शरीफ ने उठाया यह कदम

इस बीच, जलवायु परिवर्तन मंत्री शेरी रहमान ने गुरुवार को कहा कि प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने एनडीएमए में एक ‘वॉर रूम’ स्थापित किया है, जो देशभर में राहत कार्यों का नेतृत्व करेगा। उन्होंने बताया कि लगातार हो रही ‘‘भयावह’’ बारिश के कारण ‘‘राहत कार्यों को अंजाम देने में परेशानी आ रही है, खासकर हेलीकॉप्टर के माध्यम से।’’ 

मंत्री ने इस्लामाबाद में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘पाकिस्तान में मानसून का आठवां दौर जारी है, आम तौर पर देश में मानसून की बारिश तीन से चार दौर में ही होती है। पाकिस्तान अभूतपूर्व मानसून का सामना कर रहा है और आंकड़ों के अनुसार सितंबर में एक और दौर आने की आशंका है।’’ 

2010 से भी बदतर बाढ़ आई है पाकिस्तान में- शेरी रहमान 

इस सप्ताह की शुरुआत में 2010 की विनाशकारी बाढ़ के साथ मौजूदा स्थिति की तुलना करने वाली रहमान ने कहा कि मौजूदा स्थिति उससे बदतर है। 

मंत्री के अनुसार, भारी बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ में देश के विभिन्न क्षेत्रों में पुल और संपर्क के बुनियादी ढांचे बह गए। उन्होंने कहा, ‘‘ करीब तीन करोड़ लोग बेघर हो गए हैं...उनमें से कई के पास खाने को कुछ नहीं है।’’ 

11 लाख तंबू की है जरूरत

ऐसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मदद की गुहार लगाते हुए उन्होंने कहा कि प्रांतों ने जो जानकारी दी है उसके अनुसार वहां मदद की जरूरत है। उन्होंने बताया कि सिंध प्रशासन ने 10 लाख और बलूचिस्तान ने एक लाख तंबू की मांग की है। सभी तंबू बनाने वालों से सम्पर्क किया गया है और अंतरराष्ट्रीय दानदाताओं से भी मदद मांगी गई है। 

Web Title: Pakistan 937 people have died due to flash floods crores of homeless declared emergency need help

विश्व से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे