काठमांडू: नेपाल के धाडिंग जिले में गजुरी के पास रविवार देर रात एक यात्री बस के त्रिशूली नदी में गिर जाने से कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि सोमवार तड़के नेपाल के धाडिंग में एक यात्री बस त्रिशुली नदी में गिर गई, जिससे कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों के अनुसार, इस दुर्घटना में 24 से अधिक यात्री घायल हो गए और बचाव अभियान अभी भी जारी है। यह हादसा लगभग 1:30 बजे हुआ जब बस पृथ्वी राजमार्ग से फिसलकर भैंसिगौड़ा के बेनीघाट रोरंग ग्रामीण नगरपालिका-5 के पास नदी में गिर गई। बस गिरने के बाद पूरी तरह से क्षतिग्रस्त दिखाई दे रही है।
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार सोमवार सुबह तक 17 पीड़ितों के शव बरामद किए जा चुके थे। सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) के प्रवक्ता बिष्णु प्रसाद भट्टा ने शवों की बरामदगी की पुष्टि करते हुए कहा कि शेष पीड़ितों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं। घटनास्थल से 24 घायल यात्रियों को बचाया गया और उन्हें इलाज के लिए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया। मृतकों और घायलों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। अधिकारियों ने अभी तक दुर्घटना के सटीक कारण का पता नहीं लगाया है।