डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में मनाई दिवाली, ट्वीट में हिंदुओं को ही बधाई देना भूले

By भाषा | Published: November 14, 2018 11:52 PM2018-11-14T23:52:06+5:302018-11-14T23:52:06+5:30

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में दिवाली समारोह मनाया, लेकिन ट्विटर पर अपने दीपावली संदेश में वह ‘हिंदुओं’ का जिक्र करना भूल गये।

hindu word missing in donald trump tweet | डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में मनाई दिवाली, ट्वीट में हिंदुओं को ही बधाई देना भूले

डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में मनाई दिवाली, ट्वीट में हिंदुओं को ही बधाई देना भूले

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में दिवाली समारोह मनाया, लेकिन ट्विटर पर अपने दीपावली संदेश में वह ‘हिंदुओं’ का जिक्र करना भूल गये। हालांकि, इस भूल की ओर लोगों के इशारा करने के बाद भी उन्होंने अपने दूसरे ट्वीट में इसे नहीं जोड़ा।

ट्रंप ने व्हाइट हाउस के ऐतिहासिक रूजवेल्ट रूम में दिवाली आयोजन की मेजबानी की। इस आयोजन में कई प्रमुख भारतीय मूल के अमेरिकियों, भारतवंशी प्रशासकों और राजनयिक अधिकारियों ने हिस्सा लिया। दिवाली का त्योहार दुनिया भर में सात नवंबर को मनाया गया।

अपने पहले ट्वीट में ट्रंप हिंदुओं को बधाई देना भूल गये। हिंदुओं के लिये दिवाली सबसे बड़ा त्योहार माना जाता है। ट्रंप ने व्हाइट हाउस में दिवाली आयोजन के यूट्यूब लिंक के साथ ट्वीट किया, ‘‘आज हमलोग दिवाली मनाने के लिये एकत्र हुए हैं। इस त्योहार को अमेरिका और दुनियाभर में बौद्ध, सिख और जैन धर्म के लोग मनाते हैं। अपने परिवार और दोस्तों के साथ लाखों लोग दीप जलाकर नये साल की शुरुआत के लिये जमा हुए हैं।’’ 

वहीं, सतर्क लोगों ने तुरंत यह गलती पहचान ली कि ट्रंप ‘हिंदुओं’ को बधाई देना भूल गये हैं। ‘सीएनएन’ के कांग्रेस संवाददाता मनु राजू ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘यह एक प्रमुख हिंदू त्योहार है।’’ इसके तुरंत बाद ट्रंप ने अपना पहला ट्वीट डिलीट कर दिया और इसके बदले दूसरा ट्वीट किया लेकिन उन्होंने फिर वही गलती दोहरायी।

ट्रंप ने अपने दूसरे ट्वीट में भी हिंदुओं का उल्लेख करना भूल गये, उन्होंने फिर से ट्वीट किया, ‘‘आज हमलोग दिवाली मनाने के लिये एकत्र हुए हैं। इस त्योहार को अमेरिका और दुनियाभर में बौद्ध, सिख और जैन धर्म के लोग मनाते हैं। अपने परिवार और दोस्तों के साथ लाखों लोग दिया जलाकर नये साल की शुरुआत के लिये एकत्र हुए हैं।’’ 

ट्रंप के इस ट्वीट के बाद राजू ने फिर लिखा, ‘‘दिवाली पर अपने पहले बधाई संदेश में हिंदुओं को शामिल नहीं करने के बाद ट्रंप ने उस ट्वीट को डिलीट कर दिया और फिर से बधाई संदेश ट्वीट किया। लेकिन उनके इस ट्वीट में भी हिंदुओं का जिक्र नहीं है...।’’ सोशल मीडिया पर कई लोगों ने राजू का समर्थन किया।

इसके तुरंत बाद राष्ट्रपति ने अपना दूसरा ट्वीट भी डिलीट किया और तीसरा ट्वीट किया। अपने तीसरे ट्वीट में ट्रंप ने लिखा, ‘‘व्हाइट हाउस के रूजवेल्ट रूम में आज दोपहर दिवाली समारोह की मेजबानी करना मेरे लिये बेहद सौभाग्य की बात है। यह हिंदुओं का रोशनी का त्योहार है। बेहद खास लोग।’’ इस पूरे प्रकरण पर व्हाइट हाउस प्रेस सचिव राज शाह ने कहा, ‘‘मनु (राजू) बहुत पक्षपाती हो रहे हैं।’’ यह पूरी तरह से गढ़ा हुआ विवाद है। 

‘टाइम’ पत्रिका ने एक आलेख में लिखा, ‘‘राष्ट्रपति ट्रंप के दिवाली बधाई ट्वीट में हिंदुओं को शामिल नहीं किया।’’  गौरतलब है कि ट्रंप ने सात नवंबर को किये अपने ट्वीट में हिंदुओं का जिक्र किया था। उन्होंने ट्वीट किया था, ‘‘रोशनी का त्योहार दिवाली उल्लास से भरा और आध्यात्मिक समय है जिसे हिंदू, सिख, जैन और बौद्ध मनाते हैं।

Web Title: hindu word missing in donald trump tweet

विश्व से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे