Harini Amarasuriya new Prime Minister of Sri Lanka: श्रीलंका के नए राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके ने मंगलवार को हरिनी अमरसूर्या को हिंद महासागर के द्वीपीय देश का नया प्रधानमंत्री नियुक्त किया। उन्हें राष्ट्रपति सचिवालय में श्रीलंका के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई। वह प्रधानमंत्री के पद पर नियुक्त होने वाली केवल तीसरी महिला बन गई हैं। उन्होंने न्याय, शिक्षा, श्रम, उद्योग, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य और निवेश मंत्री के रूप में शपथ ली। दिसानायके शनिवार को हुए चुनाव में राष्ट्रपति चुने गए थे।
यूनिवर्सिटी लेक्चरर अमरसूर्या 2020 में नेशनल पीपुल्स पावर के सत्ता में आने के बाद से संसद की सदस्य भी रही हैं। वह श्रीलंका के इतिहास में तीसरी महिला प्रधानमंत्री बनीं। प्रधानमंत्री के तौर पर उनकी मुख्य भूमिका न्याय, शिक्षा, उद्योग, विज्ञान और प्रौद्योगिकी सहित कई महत्वपूर्ण मंत्रालयों का प्रबंधन करना होगा।
अपनी राजनीतिक भूमिका के अलावा, वह श्रीलंका के ओपन यूनिवर्सिटी में सामाजिक अध्ययन विभाग से वरिष्ठ व्याख्याता के तौर पर भी जुड़ी रही हैं। विचारधारा से उदारवादी, उन्हें हमेशा लैंगिक असमानता, बेरोजगारी, बाल संरक्षण और देश की शिक्षा प्रणाली में खामियों जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर उनके शोध के लिए सराहा गया है।