नई दिल्लीः पूर्वी दिल्ली के दल्लूपुरा में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपने सीने में गोली मार ली, जबकि उसका एक रिश्तेदार पिस्तौल में गोली डालते हुए उसका वीडियो बना रहा था। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना 16 मार्च को सामने आयी जब न्यू अशोक नगर थाने को वसुंधरा एन्क्लेव स्थित धर्मशिला अस्पताल से गोली लगने से व्यक्ति के घायल होने के संबंध में मामले की सूचना मिली। उसने हथियार लोड किया और ट्रिगर को हल्के से छुआ। वीडियो बना रहे व्यक्ति ने चेतावनी देते हुए कहा, "चलाना मत भाई।"
मुस्कुराते हुए, चौड़े कंधों वाले उस व्यक्ति ने बंदूक अपनी छाती पर रख ली। उसने घबराहट भरी आवाज में कहा, "अरे नहीं।" धमाका। गोली चल गई। पवन नाम का वह व्यक्ति जमीन पर गिर पड़ा। अधिकारियों ने बताया कि उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
यह घटना पूर्वी दिल्ली के दल्लूपुरा में हुई। पुलिस ने बताया कि पिस्तौल का लाइसेंस था और यह वीडियो बना रहे व्यक्ति की थी। पुलिस ने बताया कि वीडियो में वीडियो बनाने वाला व्यक्ति पवन को बंदूक लोड करने के तरीके बता रहा है और उसे गोली न चलाने की चेतावनी दे रहा है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पवन बंदूक से स्टंट करते हुए एक रील बनवा रहा था। पुलिस के मुताबिक, पवन को लगा था कि पिस्तौल लॉक है। हालांकि, वह लॉक नहीं हुई और गोली चल गई। पवन के परिवार के सदस्य फिलहाल इस मामले पर टिप्पणी के लिए उपलब्ध नहीं हैं।