जानें कौन हैं हैदराबाद की महिला डॉक्टर, जिनके लिए सोशल मीडिया पर लाखों लोग गुस्से में मांग रहे हैं इंसाफ
By पल्लवी कुमारी | Published: November 29, 2019 10:51 AM2019-11-29T10:51:22+5:302019-11-29T10:51:22+5:30
Hyerabad Rape and Murder Case: साइबराबाद पुलिस ने बताया कि जब हॉस्पिटल से महिला डॉक्टर बुधवार (27 नवंबर) रात के आठ बजे के बाद घर लौट रहीं तथी तो उन्होंने पाया कि उनकी स्कूटी पंक्चर है। जिसके बाद वह टोल प्लाजा के पास गाड़ी को ठीक करवाने का इंतजार कर रही थी, इसी बीच आरोपी ने महिला की हत्या कर दी।
ट्विटर, फेसबुक या इंस्टाग्राम सोशल मीडिया समेत पूरे देश में हैदराबाद की महिला डॉक्टर से रेप और हत्या की घटना को लेकर गुस्सा है। हैदराबाद की रहने वाली एक महिला डॉक्टर, जो पशु चिकित्सालय में काम करती थीं, का गुरुवार (28 नवंबर) सुबह पुलिस को हैदराबाद-बेंगलुरु हाईवे के पास जला हुआ शव बरामद हुआ था।
पुलिस के मुताबिक, महिला की की रेप के बाद हत्या की गई। पुलिस ने महिला का जला हुआ शव बरामद किया था। इस घटना के सामने आने के बाद न सिर्फ तेलंगाना और हैदराबाद बल्कि देशभर से लोग सोशल मीडिया के जरिए प्रियंका को न्याय दिलाने और आरोपियों को फांसी देने की मांग कर रहे हैं।
डॉक्टर की मौत से जुड़ी सारी अहम बातें
इंडियन एक्सप्रेस में छपी रिपोर्ट के मुताबिक साइबराबाद पुलिस ने बताया कि जब हॉस्पिटल से महिला डॉक्टर बुधवार (27 नवंबर) रात के आठ बजे के बाद घर लौट रहीं तथी तो उन्होंने पाया कि उनकी स्कूटी पंक्चर है। जिसके बाद उन्होंने अपनी बहन को फोन किया। बहन ने फोन पर डॉक्टर को बताया कि टोल प्लाजा के पास वह स्कूटी वहीं छोड़ कैब से घर आ जाए। लेकिन जब तक वह कैब लेती उससे पहले दो आदमियों ने उसे स्कूटी रिपेयरिंग के लिए मदद को पूछा। डॉक्टर ने बहन को बताया कि कुछ लोगों ने उन्हें मदद ऑफर की है और उन्होंने थोड़ी देर से कॉल बैक करने की बात कर कॉल कट कर दिया।
पुलिस ने बताया कि महिला मदद लेने के लिए तैयार हो गई और अपना स्कूटी देकर वहीं खड़ी टोल प्लाजा पर उन लोगों का इंतजार करने लगी। उसके बाद वहां बस के पीछे छिपे लोगों ने टोंडुपल्ली टोल प्लाजा से तकरीबन 50 मीटर दूर महिला को झाड़ी में खींच लिया।
पुलिस ने बताया कि महिला की हत्या के बाद आरोपी उसके शव को किसी निर्माणाधीन पुल के पास ले गए और शव को आग लगाने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक गुरुवार (28 नवंबर) सुबह पुलिस को हैदराबाद-बेंगलुरु हाईवे के पास महिला डॉक्टर का शव जला हुआ ही बरामद हुआ था। पुलिस के मुताबिक महिला के शव से तकरीबन 100 मीटर की दूरी पर महिला का अंडरगारमेंट्स पड़ा हुआ था। इसी के बात को लेकर पुलिस को शक है कि पहले महिला के साथ आरोपियों ने मिलकर रेप किया था और फिर हत्या की।
घटनास्थल पर पहुंचने के बाद पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट के आधार पर महिला के परिवार से संपर्क किया जिन्होंने कपड़ों और गले के लॉकेट के आधार पर शव की पुष्टि की।