पटनाः बिहार की राजधानी पटना स्थित जदयू के प्रदेश कार्यालय के प्रेस वार्ता कक्ष में लगे विपक्षी गठबंधन इंडिया के पोस्टर पर विवाद शुरू हो गया। इस पोस्टर को देखते ही जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष भड़क गये, जिसके बाद पोस्टर को हटाया गया। दरअसल, इंडिया गठबंधनके इस पोस्टर में तमाम विपक्षी दलों के नेताओं को जगह दी गई थी।
लेकिन जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह और बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव इस पोस्टर से गायब थे। ऐसे में पोस्टर को देखते ही ललन सिंह भड़क गए, जिसके बाद कुछ मिनट के भीतर ही पोस्टर हटवा दिया गया।
इंडिया के पोस्टर के बैकग्राउंड में संसद की तस्वीर लगी नजर आ रही थी, जबकि पोस्टर के सेंटर में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार थे, जिनके बाईं ओर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और दाईं ओर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे थे। इनके आसपास गठबंधन के अन्य नेताओं की तस्वीरें लगी थीं।