डॉ कफील खान आखिरकार देर रात मथुरा जेल से हुए रिहा, कहा- जिन्होंने साथ दिया शुक्रिया
By आदित्य द्विवेदी | Published: September 2, 2020 09:36 AM2020-09-02T09:36:58+5:302020-09-02T09:36:58+5:30
मंगलवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश के 12 घंटे बाद आखिरकार डॉ कफील खान रिहा कर दिए गए। कफील के वकील इरफान गाजी ने बताया कि मथुरा जेल प्रशासन ने रात करीब 11 बजे उन्हें यह सूचना दी कि डॉक्टर कफील को रिहा किया जा रहा है। उसके बाद रात करीब 12 बजे उन्हें रिहा कर दिया गया। जेल से रिहाई के बाद कफील ने अदालत का शुक्रिया अदा किया। साथ ही कहा कि वह उन तमाम शुभचिंतकों के भी हमेशा आभारी रहेंगे जिन्होंने उनकी रिहाई के लिए आवाज उठाई। हालांकि उन्होंने डर जाहिर किया कि सरकार फिर उन्हें किसी मामले में फंसा सकती है। कफील ने कहा कि वह अब बिहार और असम के बाढ़ ग्रस्त इलाकों में जाकर पीड़ित लोगों की मदद करना चाहेंगे।