किसान आंदोलन के दौरान इस साल 26 जनवरी को हुई घटना के मामले में पंजाब सरकार ने बड़ा एलान किया है। राज्य सरकार ने गिरफ्तार किए गए किसानों को दो-दो लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के मुताबिक गिरफ्तार हुए 83 लोगों को उनकी सरकार द्वारा यह राशि प्रदान की जाएगी।
इस संबंध में राज्य के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने शुक्रवार को ट्वीट किया, "तीन काले कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे किसान आंदोलन का समर्थन करने के लिए मेरी सरकार के रुख को दोहराते हुए, हमने 26 जनवरी, 2021 को राष्ट्रीय राजधानी में ट्रैक्टर रैली करने के लिए दिल्ली पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए 83 लोगों को 2 लाख रुपये का मुआवजा देने का फैसला किया है।"
बता दें कि इसी साल 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर केन्द्र सरकार के 3 कृषि कानूनों के विरोध में किसानों ने टैक्टर मार्च निकाला था। मार्च के दौरान किसानों और दिल्ली पुलिस के बीच झड़प भी देखने को मिली थी। दरअसल, हजारों किसान दिल्ली के अंदर चले गए थे और लाल किले तक पहुंचे थे। जहां उन्होंने तिरंगा झंडा को उतारकर धार्मिक झंडा फहराया था।
इस घटना के बाद दिल्ली पुलिस के द्वारा 200 से ज्यादा किसानों पर मामला दर्ज किया गया था। पंजाब सरकार गिरफ्तार किए गए किसानों के समर्थन में खड़ी हो गई है। यहां तक कि पंजाब विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान भी इस घटना में हुई किसानों की गिरफ्तारी का भी मुद्दा उठाया गया था।