दिल्ली में मंगलवार सुबह तेज हवाएं, न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस

By संदीप दाहिमा | Published: January 2, 2024 11:24 AM2024-01-02T11:24:00+5:302024-01-02T11:26:21+5:30

Next

दिल्ली में सुबह तेज हवाएं चलने के साथ न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक, 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम कार्यालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि दिल्ली के कुछ छिटपुट इलाकों में घना से मध्यम कोहरा छाया रहा।

भारतीय रेलवे के अनुसार, कोहरे के कारण दिल्ली आने वाली 26 ट्रेनें एक से छह घंटे की देरी से चल रही हैं। राष्ट्रीय राजधानी में सुबह साढ़े आठ बजे हवा में नमी का स्तर 84 प्रतिशत दर्ज किया गया।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, सुबह साढ़े छह बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) ‘बेहद खराब’ श्रेणी में 346 दर्ज किया गया।

शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 और 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 और 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 और 300 के बीच ‘खराब’, 301 और 400 के बीच ‘बेहद खराब’ और 401 और 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।

दिसंबर 2023 राष्ट्रीय राजधानी में छह वर्षों में सबसे गर्म साल रहा। दिल्ली में इस महीने के दौरान एक भी ‘शीत लहर’ वाला दिन दर्ज नहीं किया गया।