Bakrid 2020: देश भर में ईद की खुशियां, कोविड-19 महामारी से रौनक कम, देखें तस्वीरें

By सतीश कुमार सिंह | Published: August 1, 2020 02:54 PM2020-08-01T14:54:14+5:302020-08-01T15:43:16+5:30

Next

दिल्ली में कोरोना वायरस महामारी के बीच एहतियात बरतते हुए शनिवार को ईद-उल-अजहा का पर्व मनाया गया। इस मौके पर लोगों ने मस्जिदों में नमाज पढ़ी और पशुओं की कुर्बानी दी।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने दिल्ली वासियों को ईद की बधाई दी।

केजरीवाल ने ट्वीट किया, “ईद-उल-अजहा की आप सभी को दिली मुबारकबाद।” महामारी के संकट के बीच लोग मास्क लगाकर मस्जिद गए और सामाजिक दूरी का पालन किया।

नमाज पढ़ने के बाद लोगों ने एक दूसरे से हाथ मिलाने और गले लगने से परहेज किया। फजर की नमाज पढ़ने के लिए पुरानी दिल्ली में जामा मस्जिद और फतेहपुरी मस्जिद में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए।

फतेहपुरी मस्जिद के शाही इमाम मुफ्ती मुकर्रम ने कहा, “मस्जिद में नमाज के दौरान लोगों ने मास्क लगाया था और सामाजिक दूरी का पालन किया। मस्जिद भर गई थी लेकिन पिछले सालों के मुकाबले लोगों की संख्या कम थी क्योंकि सड़क पर नमाज पढ़ने की इजाजत नहीं है।”

ईद-उल-अजहा का मतलब है कुर्बानी की ईद। हमने महामारी से राहत, शांति और देश के विकास के लिए दुआ मांगी और कोविड-19 के एहतियात के साथ मस्जिदों में नमाज पढ़ने की इजाजत देने के लिए अधिकारियों का शुक्रिया अदा किया।

मोहिबुल्लाह इमाम दिल्ली संसद मार्ग स्थित जामा मस्जिद ने कहा कि कोरोना वायरस की वजह से राजधानी की तमाम मस्जिदों में एहतियात बरती जा रही हैं। लोग इसका पूरा ख्याल रख रहे हैं। लोग डिस्टेंस के साथ नमाज अदा कर रहे हैं।

तमिलनाडु में ईद-उल-अज़हा(बकरीद) पर कोयंबटूर में लोगों ने अपने घरों की छत पर नमाज़ अदा की। कोरोना महामारी के चलते यहां मस्जिदें बंद हैं।

जम्मू-कश्मीर में कोरोना महामारी के चलते श्रीनगर में ईद-उल-अज़हा (बकरीद) के दिन मस्जिदें बंद रहीं, लोगों ने अपने घरों में नमाज़ अदा की। कश्मीर में शनिवार को ईद-उल-अजहा का जश्न कोविड-19 वैश्विक महामारी के मद्देनजर सादगी से मनाया गया।

ज्यादातर लोगों ने छोटे समूहों में नमाज पढ़ी और शारीरिक दूर के नियम का पालन किया। अधिकारियों ने बताया कि कश्मीर की प्रमुख मस्जिदों और दरगाहों में ईद की नमाज नहीं पढ़ी गई क्योंकि पुलिस ने श्रीनगर शहर समेत घाटी के ज्यादातर हिस्सों में सख्त पाबंदियां लगाई हुई है।