असम में बाढ़, बिगड़े हालात, 21 लोगों की मौत, 9.3 लाख लोग प्रभावित, see pics

By सतीश कुमार सिंह | Published: June 29, 2020 03:57 PM2020-06-29T15:57:21+5:302020-06-29T15:57:21+5:30

Next

असम में बाढ़ की स्थिति रविवार को और गंभीर हो गई, जिससे 23 जिलों में लगभग 9.3 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। बाढ़ की वजह से दो और लोगों की जान चली गई। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) ने यह जानकारी दी।

एएसडीएमए की दैनिक बाढ़ रिपोर्ट के अनुसार, बाढ़ के कारण धेमाजी जिले के जोनाई क्षेत्र में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि उदलगुरी जिले में एक अन्य व्यक्ति की मौत हुई है। दो और मौतों के साथ, इस साल बाढ़ के कारण जान गंवाने वाले लोगों की संख्या 21 हो गई है।

एएसडीएमए ने कहा कि धेमाजी, लखीमपुर, बिश्वनाथ, उदलगुरी, दर्रांग, नलबारी, बारपेटा, बोंगाईगांव, कोकराझार, धुबरी, दक्षिण सलमारा, गोलपाड़ा, कामरूप, मोरीगांव, होजई, नौगांव, गोलाघाट, जोरहाट, माजुली, शिवसागर, डिब्रूगढ़, तिनसुकिया और पश्चिम कार्बी आंगलोंग जिलों में बाढ़ के कारण 9.26 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं।

बुलेटिन में कहा गया कि एसडीआरएफ, जिला प्रशासन, नागरिक सुरक्षा और अंतर्देशीय जल परिवहन विभागों ने पांच जिलों में पिछले 24 घंटों के दौरान 9,303 लोगों को निकाला है। 

बारपेटा जिला के एक अधिकारी के अनुसार डुबने की एक घटना कराएखेती गांव में हुई। रविवार को दिन में करीब 2 बजे एक तीन साल के बच्चे की मौत डूबने से हो गई। बच्चे का शव मिल गया है और इसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

एएसडीएमए की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार 2071 गांव से कुल 9,26,059 लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। प्रभावित जिलों में पिछले 24 घंटे में दो और नाम जोड़े गए हैं। इससे पहले शनिवार तक 21 जिलों में 4.6 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित थे।

बारपेटा बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित जिला है। यहां 395 गांव के 1,35, 415 लोग प्रभावित हुए हैं। इसके बाद धेमाजी में 265 गांव के 99,865 लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। वहीं, नलबारी में 94 गांव के 96,140 लोग प्रभावित हैं।

कुरीचु डैम से पानी छोड़े जाने के कारण नलबारी और बारपेटा जिलों में ब्रह्मपुत्र, बेकी, मानस, कालडिया, पोहुमारा नदियां खतरे के निशान से लगातार ऊपर बह रही हैं।

ब्रह्मपुत्रा लगातार खतरे के निशान के ऊपर बनी हुई है और इसका जल स्तर गुवाहाटी में भी बढ़ रहा है। ये शनिवार को 49.86 मीटर के खतरे के स्तर से ऊपर 49.81 मीटर पर पहुंच गया। 

इस बीच मौसम विभाग ने मंगलवार को पूर्वोत्तर में भारी बारिश का अनुमान जताया है। इस बीच एनडीआरएफ की टीमें रविवार को 8 से ज्यादा जिलों में तैनात की गई। साथ ही 9000 से ज्यादा लोगों को एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है।

गृह मंत्री अमित शाह ने भी मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनवाल और स्वास्थ्य मंत्री हेमंत बिस्व शर्मा को फोन कर बाढ़ से हालात का जायजा लिया। उन्होंने असम को हर संभव मदद का भरोसा भी दिया।

असम की राजधानी गुवाहाटी में राजभवन के पास हुए भूस्खलन में एक युवती की मौत हो गई। इसके बाद प्रशासन ने खतरे वाले इलाकों में रहने वाले लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा। अधिकारियों ने बताया कि प्रशासन ने राजभवन के पास एक अस्पताल को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है।