CWG 2022: भारतीय शटलर पीवी सिंधु ने राष्ट्रमंडल खेलों में हैट्रिक पूरा किया। 2014 में कांस्य पदक जीतने वाली सिंधु 2018 गोल्ड कोस्ट में रजत पदक जीता था। 2022 में दो बार की ओलंपिक पदक विजेता ने अपना पहला स्वर्ण पदक जीत लिया। फाइनल में कनाडा की मिशेल ली को हराकर महिला एकल सीडब्ल्यूजी स्वर्ण पदक जीता।
2014 ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों के सेमीफाइनल में मिशेल ली के खिलाफ हार का बदला भी चुकता कर दिया। मिशेल के खिलाफ 11 मैच में यह सिंधु की नौवीं जीत है। सिंधु का राष्ट्रमंडल खेलों में यह तीसरा व्यक्तिगत पदक है। भारतीय खिलाड़ी ने सीधे दो गेम में 21-15, 21-13 से मैच जीत लिया। भारत के लिए 19वां गोल्ड अपने नाम किया।
सिंधु मौजूदा खेलों में रजत पदक जीतने वाली भारत की मिश्रित टीम का भी हिस्सा थी जिसे फाइनल में मलेशिया के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। फाइनल में सिंधु के बाएं पैर में पट्टी बंधी थी जिससे कुछ हद तक उनकी मूवमेंट प्रभावित हुई और इसका असर उनके प्रदर्शन पर भी दिखा।
भारत का बर्मिंघम खेलों की बैडमिंटन प्रतियोगिता का यह चौथा पदक है। इससे पहले मिश्रित टीम के रजत पदक के अलावा किदांबी श्रीकांत ने पुरुष एकल जबकि त्रीशा जॉली और गायत्री गोपचंद की जोड़ी ने महिला युगल में कांस्य पदक जीते।