लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ 2.0 सरकार आज अपना पहला बजट पेश कर रही है। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने अपने बजट भाषण की शुरुआत केंद्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार के लिए कविता की पंक्तियों, 'नाविक की धैर्य परीक्षा क्या यदि धाराएँ प्रतिकूल न हों..' से की।
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना लगातार छठवीं बार बजट पेश कर रहे हैं। इस बार बजट का आकार 6.10 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का है। इसमें किसानों, महिलाओं और युवाओं पर ध्यान दिया गया है।
यूपी में जल्द ही 5 अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट शुरू होंगे। इसके साथ ही फिल्म सिटी का निर्माण भी जल्द ही होगा। प्रदेश में महिला सुरक्षा के लिए 720 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। मेरठ, बहराइच, कानपुर, आजमगढ़ और रामपुर में एटीएस सेन्टर का निर्माण कराया जायेगा।
किसानों के लिए 15 हजार सोलर पंपों की स्थापना कराने की घोषणा की गई। लघु सिंचाई योजना के तहत 1 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। 2022-23 में 60.3 लाख क्विंटल बीज का वितरण किया जाएगा। 16 मई 2022 तक 1.72 लाख करोड़ रुपए का गन्ना भुगतान किया गया। 119 लाख मीट्रिक टन उर्वरक का वितरण किया जाएगा।
यूपी के महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिए यूपी विशेष सुरक्षा बल का गठन किया गया है, जिसके लिए 276 करोड़ 66 लाख रूपये की व्यवस्था प्रस्तावित है।
जनपदीय थानों के लिए सुरक्षा उपकरणों और अस्त्र / शस्त्र हेतु 250 करोड़ रूपये की बजट व्यवस्था प्रस्तावित है। विधि विज्ञान प्रयोगशालाओं की स्थापना और यूपी फोरेंसिक साइंस इंस्टीट्यूट लखनऊ का निर्माण कराया जा रहा है।