उत्तर प्रदेश : मुजफ्फरनगर में दो व्यक्तियों ने नाबालिग से किया बलात्कार , घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर डाला
By भाषा | Published: September 20, 2021 05:37 PM2021-09-20T17:37:11+5:302021-09-20T17:37:11+5:30
मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश), 20 सितंबर जिले में दो व्यक्तियों ने 17 वर्षीय एक किशोरी से कथित तौर पर बलात्कार किया और घटना का वीडियो बना उसे सोशल मीडिया पर साझा कर दिया।
पुलिस ने सोमवार को बताया कि आरोपियों की पहचान शुभम और आशीष के रूप में हुई है और दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
थाना प्रभारी सुभाष बाबू ने सोमवार को बताया कि घटना भोपा थानाक्षेत्र के एक गांव में रविवार को हुई। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज कर लिया गया है।
पीड़िता की मां की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, आरोपी लड़की को फल देने का झांसा देकर एक बगीचे में ले गए और वहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला सामने आया।
इस बीच, कोतवाली थानाक्षेत्र के एक गांव में महिला के साथ बलात्कार करने की कोशिश के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। आरोपी बॉबी ने रविवार को महिला से कथित तौर पर बलात्कार करने की कोशिश की थी, लेकिन महिला के शोर मचाने पर वह मौके से भाग निकला।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।