उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावः कांग्रेस ने उतारे 16 हजार नेता और कार्यकर्त्ता, गांव-गांव जाएंगे, जानें मामला
By शीलेष शर्मा | Updated: August 19, 2021 18:00 IST2021-08-19T17:56:42+5:302021-08-19T18:00:26+5:30
Uttar Pradesh Assembly Elections: कांग्रेस का निशाना युवाओं और बेरोज़गारों के साथ किसानों पर होगा।

पार्टी ने छोटे -बड़े नेताओं के अलावा कार्यकर्ताओं को गांव -गांव कूंच करने को कहा है।
Uttar Pradesh Assembly Elections: उत्तर प्रदेश में दांव पर लगी साख को बचाने के लिए कांग्रेस ने चुनाव जीतने के इरादे से पार्टी की पूरी ताकात झोंक दी है।
पार्टी जहां एक ओर नई -नई नियुक्तियां कर रही है तो दूसरी तरफ गांव -गांव जाकर लोगों से सीधे संवाद स्थापित करने में जुट गयी है। सीधे संवाद के लिये पार्टी ने छोटे -बड़े नेताओं के अलावा कार्यकर्ताओं को गांव -गांव कूंच करने को कहा है।
प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने लोकमत को बताया कि 16 हज़ार नेता और कार्यकर्त्ता कल से कांग्रेस जयभारत महा संपर्क अभियान के तहत गांव -गांव और शहर -शहर जाएंगे ,प्रत्येक दल उन स्थानों पर 75 घंटे रुक कर स्थानीय लोगों से सीधा संवाद करेंगे साथ ही योगी-मोदी के झूठ का चिठ्ठा भी खोलेंगे। छोटी -छोटी चौपालों के ज़रिये कांग्रेस का निशाना युवाओं और बेरोज़गारों के साथ किसानों पर होगा।
प्रियंका गांधी के निकट माने जाने वाली पार्टी की विधायक मोना मिश्रा ने जोर देते हुए कहा कि लोग सत्ता से बाहर होने के कारण कांग्रेस को हाशिये पर समझ रहे हैं लेकिन इस बार चुनाव परिणाम इस सोच को पूरी तरह खारिज कर देंगे।
उनका दावा था कि प्रदेश के ब्राह्मण मतदाताओं का भरपूर समर्थन कांग्रेस को मिल रहा है। यह योगी की ब्राह्मण विरोधी नीतियों का नतीजा है। भले ही भाजपा और बसपा ब्राह्मणों को अपनी तरफ खींचने की कोशिश कर रही हो लेकिन इस बार ब्राह्मणों का पूरा समर्थन कांग्रेस को मिलने जा रहा है।
प्रभात फेरियों के जरिये कल से जो संपर्क अभियान शुरू होगा, उससे कांग्रेस के प्रति लोगों के रुझान की झलक नज़र आने लगेगी। मोना मिश्रा ने संकेत दिए कि प्रियंका गांधी स्वयं जल्दी ही इस अभियान में शामिल होंगी।