लखनऊ: उत्तर प्रदेश की विधानसभा में मंगलवार को बरेली के फरीदपुर के विधायक प्रोफेसर श्याम बिहारी लाल और सोनभद्र की दुद्धी के विधायक विजय सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया. दोनों नेताओं के योगदान को याद करते हुए सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. इसी दरमियान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) फ़तेहपुर सीकरी विधानसभा सीट से विधायक चौधरी बाबूलाल का मोबाइल फोन घनघनाया लगा. विधायक के मोबाइल फोन ही घंटी सदन में गूंजी तो विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना खफा हो गए. उन्होंने तत्काल सुरक्षा कर्मी को बुलाकर विधायक चौधरी बाबूलाल का मोबाइल जब्त कराया लिया. विधान सभा की कार्यवाही खत्म होने के बाद जब चौधरी बाबूलाल ने विधानसभा अध्यक्ष से मिलकर अपनी गलती की माफी मांगी तब सतीश महाना ने उनका मोबाइल फोन वापस कराया.
अध्यक्ष से खेद जताया माफी मांगी
उत्तर प्रदेश की विधानसभा में पान मसाला खाने, सिगरेट पीने और मोबाइल पर बात करने पर रोक है. सभी विधायकों और मंत्रियों को बताया गया है कि वह सदन के भीतर मोबाइल लेकर आए तो उसे साइलेंट मोड पर रखे. विधान भवन में पान मसाला, खैनी और पान आदि न खाए, क्योंकि पान मसाला, खैनी और पान खाने के बाद लोग दीवार के किनारे थूकते हैं. इस गंदगी को देख कर खराब लगता है. विधानसभा अध्यक्ष के इस स्पष्ट निर्देश का बाद भी बीते साल एक विधायक ने पान मसाला खाकर विधानसभा सदन के दरवाजे के किनारे पान मसाले की पीक थूकी थी.
विधानसभा में लगे सीसीटीवी में विधायक के इस कृत्य की फुटेज देखने के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने उस विधायक को चेतावनी दी थी और सदन को भी यह बताया था कि उन्होंने विधानसभा के दरवाजे पर पान मसाले की पीक थूकने वाले विधायक को उन्हें चेतावनी दी है और अब किसी फिर ऐसा किया तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी. उस घटना के बाद किसी ने विधानसभा सदन में पान मसाला, खैनी और पान खाकर आने की हिम्मत नहीं की लेकिन आज चौधरी बाबूलाल का मोबाइल घनघनाया उठा.
फतेहपुर सीकरी सीट से सांसद रह चुके और मुलायम सिंह तथा मायावती की सरकार में मंत्री रहे तथा वर्तमान में भाजपा के विधायक चौधरी बाबूलाल का इस मामले में कहना है कि वह अपना मोबाइल साइलेंट करना भूल गए थे. इसी बीच जब सदन में मोबाइल घनघना उठा, इसके लिए उन्हें खेद है. आगे से वह सदन में अपना मोबाइल साइलेंट करके ही आएंगे. चौधरी बाबूलाल का कहना है कि अपनी गलती के लिए उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से खेद जताया है, माफी मांगी है.