Today Top News: सेना आज अस्पतालों पर आसमान से फूल बरसा करेगी कोरोना वॉरियर्स को सलाम, देश में Covid-19 के मरीजों की संख्या पहुंची 37776
By स्वाति सिंह | Published: May 3, 2020 06:24 AM2020-05-03T06:24:33+5:302020-05-03T06:25:32+5:30
देश में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या शनिवार को बढ़कर 1,223 हो गई जबकि संक्रमितों का आंकड़ा भी 37,776 पर पहुंच गया। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटे में 71 लोगों की मौत हुई और 2,411 नए मामले सामने आए। मंत्रालय ने बताया कि देश में अभी इस महामारी से संक्रमित 26,565 मरीजों का इलाज चल रहा है और 10,017 लोग स्वस्थ हो गए हैं।
कोरोना वॉरियर्स को सेना का सलाम, अस्पतालों पर आसमान से बरसेंगे फूल
कोरोना संकट काल में अपनी जान को दांव पर लगाकर देश की सेवा में जुटे कोरोना वॉरियर्स को रविवार (3 मई) को इंडियन आर्म्ड फोर्सेस अपने अंदाज में शुक्रिया अदा करेंगी। इंडियन आर्मी, नेवी और एयरफोर्स ने शनिवार को इसका रिहर्सल भी किया। शनिवार को मुंबई के तट पर इंडियन नेवी के अधिकारियों और जवानों ने कोरोना वॉरियर्स को धन्यवाद देने के लिए खास अभ्यास किया। अभ्यास के दौरान इंडियन नेवी के कई जहाजों का इस्तेमाल किया गया।
हंदवाड़ा में मुठभेड़ स्थल पर पांच जवान फंसे, नहीं हो पा रहा संपर्क
कश्मीर के हंदवाड़ा में 5 से 6 आतंकियों के छिपे होने की खबर मिलने के बाद शनिवार को सुरक्षाबलों ने यहां ऑपरेशन शुरू किया। सेना चांजमुला इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चला रही है। बताया जा रहा है कि आतंकियों की तलाश और एनकाउंटर के दौरान शाम को 2 अफसरों समेत 5 जवानों से संपर्क टूट गया। सैन्य सूत्रों ने देर रात न्यूज एजेंसी को बताया कि मुठभेड़ के साथ-साथ जवानों को ढूंढने और उनसे संपर्क साधने की कोशिश की जा रही है।
दिल्ली में कोरोना वायरस संक्रमण के 384 और मामले मिले, कुल संक्रमित 4,122
दिल्ली में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 384 नए मामले सामने आने के साथ ही कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4,122 हो गई। सरकार की तरफ से यह जानकारी दी गई। दिल्ली सरकार ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में कोविड-19 के कारण तीन और लोगों के मरने की खबर है। इसके साथ ही इस बीमारी की वजह से यहां अब तक 64 लोगों की मौत हो चुकी है। इससे पहले 13 अप्रैल को दिल्ली में एक दिन में सबसे ज्यादा संक्रमण के 356 मामले सामने आए थे। शुक्रवार को संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 3,738 थी।
देश में कोरोना संक्रमण से मौतों का आंकड़ा 1,223 पर पहुंचा,
देश में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या शनिवार को बढ़कर 1,223 हो गई जबकि संक्रमितों का आंकड़ा भी 37,776 पर पहुंच गया। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटे में 71 लोगों की मौत हुई और 2,411 नए मामले सामने आए। मंत्रालय ने बताया कि देश में अभी इस महामारी से संक्रमित 26,565 मरीजों का इलाज चल रहा है और 10,017 लोग स्वस्थ हो गए हैं। एक मरीज देश से बाहर चला गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘अब तक 26.52 प्रतिशत मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।’’ इन मामलों में कुल 111 विदेशी नागरिक शामिल हैं। इस वायरस से शुक्रवार शाम से शनिवार तक 24 घंटों में 71 मौतों हुईं। इनमें महाराष्ट्र में 26, गुजरात से 22, मध्य प्रदेश से आठ, राजस्थान से चार, कर्नाटक में तीन, दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश में दो-दो और बिहार, हरियाणा, पंजाब और तमिलनाडु से एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। इस वायरस से अब तक सबसे अधिक लोगों की मौत महाराष्ट्र में हुई है।