तेलंगाना: कोविड नियमों के उल्लंघन के आरोप में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष गिरफ्तार, विरोध प्रदर्शन करने की कर रहे थे तैयारी
By विशाल कुमार | Published: January 3, 2022 09:24 AM2022-01-03T09:24:02+5:302022-01-03T09:30:54+5:30
करीमनगर से सांसद कुमार ने राज्य सरकार की आदेश संख्या 317 के विरूद्ध रविवार को शाम नौ बजे से सोमवार को सुबह पांच बजे के बीच शहर में अपने कार्यालय में ‘जागरण’ करने की योजना बनायी थी।
हैदराबाद: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तेलंगाना ईकाई के प्रमुख बी. संजय कुमार को राज्य सरकार के कोविड-19 संबंधी दिशानिर्देशों का कथित तौर पर उल्लंघन करने के लिए रविवार को करीमनगर में पुलिस ने हिरासत में ले लिया। भाजपा नेता की प्रदर्शन करने की योजना थी।
करीमनगर से सांसद कुमार ने राज्य सरकार की आदेश संख्या 317 के विरूद्ध रविवार को शाम नौ बजे से सोमवार को सुबह पांच बजे के बीच शहर में अपने कार्यालय में ‘जागरण’ करने की योजना बनायी थी।
कुमार ने आरोप लगाया कि यह सरकारी आदेश शिक्षकों तथा अन्य सरकारी कर्मचारियों के तबादले के संबंध में उनके हितों को नुकसान पहुंचाती है। भाजपा नेता को रात को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने कहा कि विरोध प्रदर्शन करने के लिए कोई आधिकारिक अनुमति नहीं ली गई थी और पार्टी कार्यकर्ताओं का जमावड़ा केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा कोविड-19 के प्रसार को रोकने के लिए जारी दिशानिर्देशों के खिलाफ था।
वहीं दूसरी ओर, भाजपा नेता बी. संजय कुमार ने कहा कि विरोध शांतिपूर्ण तरीके से कोविड प्रोटोकॉल के अनुरूप होना था। इस दौरान उन्होंने सवाल उठाया कि सत्तारूढ़ टीआरएस नेताओं के कार्यक्रमों में कोविड मानदंड क्यों लागू नहीं किए गए?
भाजपा के आईटी सेल के प्रभारी अमित मालवीय ने एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें एक पुलिसकर्मी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के बीच खींचतान देखी जा सकती है।
Telangana police manhandles BJP state president Bandi Sanjay Kumar because he was leading a protest in solidarity and support of government teachers and employees, who are demanding revocation of GO 317. Several BJP workers, including women, have been arrested.
— Amit Malviya (@amitmalviya) January 2, 2022
TRS is losing it. pic.twitter.com/gHP8JwJVIT
मालवीय ने ट्वीट कर लिखा कि तेलंगाना पुलिस ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बांदी संजय कुमार के साथ मारपीट की क्योंकि वह सरकारी शिक्षकों और कर्मचारियों की एकजुटता और समर्थन में विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे थे, जो आदेश संख्या 317 को रद्द करने की मांग कर रहे हैं। महिलाओं सहित कई भाजपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है। टीआरएस हार रही है।