श्रीलंकाई नौसेना ने तमिलनाडु के 55 मछुआरों को गिरफ्तार किया, आठ नौकाएं जब्त कीं
By भाषा | Updated: December 19, 2021 20:34 IST2021-12-19T20:34:14+5:302021-12-19T20:34:14+5:30

श्रीलंकाई नौसेना ने तमिलनाडु के 55 मछुआरों को गिरफ्तार किया, आठ नौकाएं जब्त कीं
रामेश्वरम (तमिलनाडु), 19 दिसंबर श्रीलंका की नौसेना ने रविवार को तमिलनाडु के 55 मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया और आठ नौकाएं जब्त कर लीं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने विदेश मंत्री एस जयशंकर से फोन पर बातचीत की और उनसे श्रीलंका से 50 से ज्यादा मछुआरों और आठ नौकाओं को मुक्त कराने के लिए तत्काल कदम उठाने का आग्रह किया।
चेन्नई में एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘ केंद्रीय मंत्री ने तत्काल कदम उठाने का आश्वासन दिया है।’’
अधिकारी ने बताया कि रामेश्वरम के 43 मछुआरों और छह नौकाओं को पकड़ने के बाद मंडपम के 12 अन्य मछुआरों को भी हिरासत में ले लिया गया। मंडपम के मछुआरों की भी दो नौकाएं जब्त कर ली गई।
यहां मछुआरा एसोसिएशन ने उनकी तत्काल रिहाई की मांग करते हुए सोमवार को प्रदर्शन करने और अनिश्चितकालीन धरना देने की भी घोषणा की।
मत्स्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि मछुआरे 500 से अधिक नौकाओं में सवार होकर 18 दिसंबर को यहां से रवाना हुए थे और वे कच्चातीवू द्वीप के पास मछलियां पकड़ रहे थे कि तभी उनमें से 43 मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया गया और छह नौकाएं जब्त कर ली गईं। मछुआरा एसोसिएशन के एक नेता और प्राधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद मछुआरों को श्रीलंका के कांगेसानतुरई शिविर ले जाया गया।
रामनाथपुरम से सांसद के. नवसकणि ने केंद्रीय मंत्रियों से बात की और मछुआरों एवं उनकी नौकाओं को छुड़ाने के लिए तत्काल कदम उठाने का आग्रह किया।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।