राजस्थानः जयपुर, अजमेर और सीकर में तीन रेप केस, 8वीं की छात्रा का अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म
By धीरेंद्र जैन | Published: October 1, 2020 09:28 PM2020-10-01T21:28:12+5:302020-10-01T21:28:12+5:30
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सौरभ तिवाड़ी ने बताया कि दुष्कर्म का शिकार बालिका 8वीं की छात्रा है और दोपहर में स्कूल जाते समय जीतू और विक्रम नामक दो युवक जबरन उसे बाइक पर अगवा कर अपने किराये के कमरे पर ले गये।
जयपुरः राजस्थान की राजधानी जयपुर के आमेर क्षेत्र में तीन लोगों द्वारा एक स्कूली छात्रा का अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म किये जाने का मामला सामने आया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सौरभ तिवाड़ी ने बताया कि दुष्कर्म का शिकार बालिका 8वीं की छात्रा है और दोपहर में स्कूल जाते समय जीतू और विक्रम नामक दो युवक जबरन उसे बाइक पर अगवा कर अपने किराये के कमरे पर ले गये।
जहां आरोपियों का एक अन्य साथी कालू पहले से ही मौजूद था। तीनों ने बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और किसी को इस घटना के बारे में बताने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म के तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, अजमेर में भी एक दलित महिला को बंधक बनाकर उसके साथ सामूहिक बलात्कार किये जाने का मामला सामने आया है।
आरोपियों ने महिला को 8 घंटे तक बंधक बनाकर रखा। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह अपने मायके दौराई गई थी, जहां उसे टीपू सुल्तान मिला जो उसे बहला-फुसलाकर खेत में ले गया। वहां पर आरोपी के दो अन्य साथी पहले से ही मौजूद थे। तीनों ने मिलकर महिला के मुंह में जबरन कपड़ा ठूंस दिया।
8 घंटों तक महिला को अपनी हवस का शिकार बनाने के बाद उसके घर के पास छोड़कर चले गये। आरोपियों ने महिला को सामूहिक दुष्कर्म के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। इसी प्रकार सीकर जिले में 15 साल की लड़की के साथ दुष्कर्म कर उसका वीडियो बनाकर 9 महीने तक देहशोषण किये जाने का मामला सामने आया है।
दुष्कर्म मामले के आरोपियों के हौसले इतने बुलंद हो गए कि पुलिस में शिकायत करने के बाद वो पीड़िता की मां और भाभी को समझौता करने के लिए घर से उठाकर ले गए। पीड़िता ने बताया कि आरोपी भींवाराम एक बार पिता से मिलने आया था। उसने धोखे से पिता को नींद की गोलियां खिला दीं और कमरे में घुसकर रेप किया। वीडियो भी बनाया। 9 महीने तक ब्लैकमेल कर दुष्कर्म करता रहा। उसने अपने एक दोस्त को भी यह वीडियो दे दिया था।