पंजाब सीएम की पत्नी, बेटे और बहू कोरोना संक्रमित; चरणजीत सिंह चन्नी की रिपोर्ट आई निगेटिव
By अनिल शर्मा | Published: January 8, 2022 02:23 PM2022-01-08T14:23:48+5:302022-01-08T14:31:02+5:30
मोहाली की सिविल सर्जन आदर्शपाल कौर ने शनिवार को पंजाब सीएम चरणजीत सिंह चन्नी के परिवार के तीन सदस्यों की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव होने की जानकारी दी।
चडीगढ़ः पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के परिवार के तीन सदस्य कोरोना से संक्रमित हो गए हैं। शनिवार चन्नी के परिवार की कोविड -19 रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। हालांकि सीएम चन्नी की कोविड रिपोर्ट निगेटिव निकली है।
मोहाली की सिविल सर्जन आदर्शपाल कौर ने शनिवार को कहा कि मुख्यमंत्री की पत्नी डॉ कमलजीत कौर, उनके बेटे नवजीत सिंह और बहू सिमरंधीर कौर कोविड-19 पॉजिटिव पाई गई हैं।
आदर्शपाल कौर ने कहा, "वे कोरोनावायरस संक्रमण से संक्रमित हो गए हैं और अब खरड़ में होम आइसोलेशन में हैं।" उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नमूनों का परीक्षण नकारात्मक था।
बुधवार शाम को, मुख्यमंत्री चन्नी ने चंडीगढ़ में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा था कि उन्होंने फिरोजपुर में प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक कार्यक्रम में शामिल नहीं होने का फैसला किया क्योंकि उनके प्रमुख सचिव हुसैन लाल और एक निजी सहायक ने कुछ दिन पहले सकारात्मक परीक्षण किया था।