पटनाः बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों में बढ़ते अपराध खासतौर पर महिलाओं के खिलाफ अपराधिक घटनाओं को लेकर विपक्ष ने मोर्चा खोल रखा है। इस मामले में विधान परिषद का पोर्टिको शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के नेतृत्व में राजद विधायकों और पार्षदों ने कानून व्यवस्था के मुद्दे पर नीतीश सरकार को जमकर घेरा। राबड़ी देवी ने सीधे उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के उस पुराने बयान को याद दिलाया, जिसमें उन्होंने अपराधियों को 24 घंटे में सजा दिलाने की बात कही थी। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि वह (सम्राट चौधरी) अपनी ही बात खरे नहीं उतर सके, उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए।
राबड़ी देवी ने तीखे लहजे में कहा कि बिहार का कोई भी जिला अब सुरक्षित नहीं है। उन्होंने कहा कि सम्राट ने कहा था कि अपराधी को 24 घंटे में पकड़कर सजा दिलवाएंगे, नहीं तो इस्तीफा देंगे। आज हर दिन मर्डर, लूट और बलात्कार हो रहा है तो सम्राट चौधरी इस्तीफा क्यों नहीं दे रहे? राबड़ी देवी ने आरोप लगाया कि सरकार में अपराध रोकने वाला कोई नहीं है, अपराधी बेलगाम हैं और आम जनता त्रस्त है।
उधर, राजद के वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी ने फुलवारी शरीफ की उस दर्दनाक घटना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एक लड़की को छत से फेंक दिया गया। सिद्दीकी ने कहा कि हम सरकार को आईना दिखा रहे हैं कि जिसे ये 'राम राज' कह रहे हैं, वो असल में क्या है? अपराध की तादाद दिन-ब-दिन बढ़ रही है और सरकार पूरी तरह फेल हो चुकी है।
विपक्ष ने हत्या, लूट और डकैती के बढ़ते मामलों को लेकर सदन से सड़क तक सरकार को घेरने की रणनीति बनाई है। वहीं, भाजपा विधान पार्षद नवल किशोर यादव ने अपराध को लेकर कहा कि हाल के दिनों में जो भी आपराधिक घटनाएं सामने आई हैं, वे दुर्भाग्यपूर्ण हैं, लेकिन सरकार पूरी तरह सतर्क है और अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार अपराध पर नियंत्रण के लिए सख्त ऑपरेशन चला रही है और कोई भी अपराधी बच नहीं पाएगा। अपराधियों को यह समझ लेना चाहिए कि सरकार उन्हें पाताल से भी खोजकर कानून के दायरे में लाने की क्षमता रखती है। वहीं जब उनसे पूछा गया कि राबड़ी देवी आरोप लगा रही हैं कि बिहार की नहीं पूरे देश का कानून-व्यवस्था खराब है तो उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राबड़ी देवी विद्वान हैं, वो कह सकती है, पूरा लॉ एंड ऑर्डर फेल है, वो पढ़ती लिखती ज्यादा हैं। मीडिया के कनेक्शन में रहती है अखबार और किताबों के कंसल्ट में रहती हैं तो वो बोलेंगी हीं।
नवल किशोर ने बताया कि आज विधान परिषद में शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर सरकार से सवाल पूछा जाएगा। उनका कहना था कि शिक्षा मंत्री से सदन में सवाल किए जाएंगे और जो भी कमियां शिक्षा व्यवस्था में रह गई हैं, उन्हें दूर करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर जवाबदेही तय होगी और सदन में जवाब देना ही होगा, इससे बचा नहीं जा सकता।
बता दें कि यह विरोध प्रदर्शन सिर्फ एक बयान नहीं है, बल्कि एक सोची-समझी पॉलिटिकल टाइमिंग है। पटना के फुलवारीशरीफ इलाके में छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले पर विरोधी दल की नेता राबड़ी देवी ने सरकार को घेरते हुए कहा कि लड़की को छत से नीचे फेंक दिया गया। इसके साथ ही आए दिन अदालतों को बम से उड़ाने की धमकियां मिल रही हैं। ऐसे में विपक्ष ने उसे 'कानून-व्यवस्था' की विफलता का सबसे बड़ा सबूत बना दिया।