पप्पू यादव ने कहा, "हिमाचल में कांग्रेस साठ, भाजपा आठ, हो गई साफ"
By आशीष कुमार पाण्डेय | Updated: November 7, 2022 16:13 IST2022-11-07T15:54:06+5:302022-11-07T16:13:27+5:30
पप्पू यादव ने भविष्यवाणी की है कि हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी का सूपड़ा साफ होने जा रहा है और चुनाव के बाद कांग्रेस वहां पर सरकार बनाएगी।

फाइल फोटो
पटना: हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की खुलकर लामंबदी कर रहे जन अधिकार पार्टी के प्रमुख और पूर्व सांसद पप्पू यादव ने भविष्यवाणी की है कि हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी का सूपड़ा साफ होने जा रहा है। भाजपा के प्रबल विरोधी पप्पू यादव ट्विटर पर हिमाचल प्रदेश विधानसभा की कुल 68 सीटों का ब्योरा पेश करते हुए न जाने किस गणित से कांग्रेस को 60 सीटें दे रहे हैं और मौजूदा समय में हिमाचल की सत्ता पर काबिज भाजपा की झोली में उन्हें महज 8 सीटें जाती हुई दिखाई दे रही हैं।
गुजरात के मोरबी हादसे के बाद से भाजपा के प्रति काफी तल्खी दिखा रहे पप्पू यादव ने हिमाचल चुनाव के बारे में ट्वीट करते हुए कहा, "हिमाचल से भाजपा साफ़, कांग्रेस साठ भाजपा आठ।"
हिमाचल से भाजपा साफ़
— Pappu Yadav (@pappuyadavjapl) November 7, 2022
#कांग्रेस_साठ_भाजपा_आठ
बीते रविवार को बिहार में दो सीटों पर जारी हुए उपचुनाव के नतीजों पर निराशा जाहिर करने वाले पप्पू यादव द्वारा आज कांग्रेस की शान में पढ़े गये इस लंबे कसीदे के बाद अब बात करते हैं हिमाचल प्रदेश विधानसभा की मौजूदा स्थिति पर। लेकिन उससे पहले यह जानना दिलचस्प होगा कि पप्पू यादव की पत्नी रंजीता रंजन छत्तीसगढ़ से कांग्रेस की राज्सभा की सांसद है। पूर्व में रंजीता रंजन सुपौल से कांग्रेस के टिकट पर ही लोकसभा की सांसद रह चुकी है।
खैर, हिमाचल प्रदेश में विधानसभा की कुल 68 सीटें हैं। जिसमें 48 सामान्य वर्ग के लिए, 17 अनुसूचित जाति के लिए और 3 सीटें अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षित हैं। साल 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने कांग्रेस को करारी शिकस्त देते हुए विधानसभा पर कब्जा किया था। जिसमें भाजपा ने 44 सीटों पर कमल खिलाया था, जबकि 21 सीटें कांग्रेस के खाते में गई थी। उसके अलावा सूबे में एक सीट पर सीपीआई (एम) और दो सीटों पर निर्दलीयों ने कब्जा किया था।
वहीं, अगर वोट शेयर के लिहाज से देखें तो साल 2017 के चुनाव में भाजपा को 48.79 फीसदी जनता ने वोट दिया था, जबकि, 41.68 फीसदी वोट कांग्रेस को मिले थे। वहीं सीपीआई (एम) को 1.47 फीसदी वोट और निर्दलीय तथा अन्य के खाते में 6.34 फीसदी वोट गये थे।
इस विधानसभा चुनाव में करीब 55 लाख मतदाता पहली बार अपने मत का प्रयोग करने जा रहे हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक इस बार सूबे में सामान्य मतदाताओं की संख्या 55,07,261 हैं, जिनमें 27,80,208 पुरुष, 27,27,016 महिला और 37 किन्नर मतदाता हैं। कुल मिलाकर एक चरण में संपन्न होने वाले हिमाचल प्रदेश विधानसभा के लिए 12 नवंबर को मतदान होगा और नतीजे 8 दिसंबर को आएंगे।