राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करेंगे सपा के सहयोगी ओमप्रकाश राजभर, बताई ये वजह
By शिवेंद्र राय | Updated: July 15, 2022 11:32 IST2022-07-15T11:30:05+5:302022-07-15T11:32:20+5:30
राष्ट्रपति चुनाव में राजग उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के लिए समर्थन बढ़ता ही जा रहा है। मायावती, हेमंत सोरेन, और उद्धव ठाकरे के बाद अब उत्तर प्रदेश में सुभासपा के ओमप्रकाश राजभर ने भी मुर्मू का समर्थन करने का फैसला लिया है।

सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर (फाइल फोटो)
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी के सहयोगी ओमप्रकाश राजभर ने राष्ट्रपति चुनाव में राजग उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करने का फैसला किया है। 18 जुलाई से संसद का मानसून सत्र शुरू हो रहा है। इसी दिन राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान भी होगा। ओमप्रकाश राजभर की सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के पास 6 विधायक हैं। लखनऊ में ओमप्रकाश राजभर ने द्रौपदी मुर्मू के लिए आयोजित भोज में हिस्सा भी लिया। ये भोज राजग द्वारा आयोजित किया गया था। बता दें कि ओमप्रकाश राजभर पहले भाजपा गठबंधन का ही हिस्सा थे लेकिन बाद में राजभर ने गठबंधन तोड़ दिया था और सपा के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश का चुनाव लड़ा था।
गठबंधन नहीं तोड़ेंगे
सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने पत्रकारों के साथ बातचीत में कहा कि वो राजग उम्मीदवार का समर्थन भले ही कर रहे हों लेकिन समाजवादी पार्टी के साथ उनका गठबंधन नहीं टूटेगा। द्रौपदी मुर्मू के समर्थन पर ओमप्रकाश राजभर बोले कि विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के समर्थन में आयोजित भोज में अखिलेश यादव ने उन्हें नहीं बुलाया था। इसलिए उन्हेंने राजग के उम्मीदवार का समर्थन करने का फैसला लिया है।
आमने-सामने हैं मुर्मू और यशवंत सिन्हा
आदिवासी समाज से आने वाली द्रौपदी मुर्मू को भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले राजग गठबंधन ने अपना उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन के उम्मीदवार पूर्व वित्तमंत्री यशवंत सिन्हा होंगे। हालांकि इस चुनाव में राजग समर्थित उम्मीदवार मुर्मू का पलड़ा भारी है। उड़ीसा में बीजद और उत्तर प्रदेश में बसपा ने भी मुर्मू को समर्थन देने की घोषणा की है। राजग का साथ देने का एलान करते हुए मायावती ने कहा था कि वो द्रौपदी मुर्मू का समर्थन इसलिए कर रही हैं क्योंकि वो आदिवासी समुदाय से आती हैं। यहां तक कि भाजपा के विरोधी शिवसेना का उद्धव ठाकरे गुट भी द्रौपदी मुर्मू का समर्थन कर रहा है। द्रौपदी मुर्मू की आदिवासी पहचान का हवाला देते हुए झारखंड में कांग्रेस की सहयोगी झारखंड मुक्ति मोर्चा ने भी राजग उम्मीदवार के समर्थन का फैसला लिया है।