2024 में भाजपा को पटखनी देने का अरमान पाले नीतीश कुमार पहुंचे दिल्ली, विपक्षी नेताओं की करेंगे गोलबंदी
By एस पी सिन्हा | Updated: September 5, 2022 15:53 IST2022-09-05T15:50:13+5:302022-09-05T15:53:48+5:30
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिल्ली जाने से पहले विपक्षी एकजुटता के फॉर्मूले पर काम करने के लिए राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव से गुरुमंत्र लिया। दिल्ली जाने से पहले लालू-नीतीश की इस मुलाकात को सियासी हलके में बेहद अहम माना जा रहा है।

फाइल फोटो
पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार साल 2024 के आम चुनाव में भाजपा को 50 सीटों पर सिमटा देने का अरमान दिल में लिये आज दिल्ली की ओर कूच कर गये हैं। नीतीश ने दिल्ली जाने से पहले विपक्षी एकजुटता के फॉर्मूले पर काम करने के लिए राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव से गुरुमंत्र लिया। दिल्ली प्रवास के ठीक पहले नीतीश कुमार का लालू यादव से मिलना बेहद अहम माना जा रहा है।
सीएम नीतीश कुमार आज राबड़ी देवी के सरकारी आवास पर पहुंचे तो इस दौरान राज्य के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव भी मौजूद रहे। नीतीश कुमार अगले दो-तीन दिनों तक दिल्ली में रहेंगे और इस दौरान विपक्षी दलों के कई नेताओं से उनकी मुलाकात तय है। नीतीश कुमार के साथ जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह व मंत्री अशोक चौधरी भी दिल्ली गये हैं।
हालांकि, कांग्रेस सोनिया गांधी के उपलब्ध नहीं होने के कारण नीतीश कुमार की उनसे मुलाकात नहीं हो पाएगी। लेकिन नीतीश कुमार और राहुल गांधी के बीच मुलाकात हो सकती है। इसके अलावे नीतीश कुमार अन्य विपक्षी नेताओं से भी भाजपा के खिलाफ एकजुटता के लिए रणनीति बनाएंगे। नीतीश कुमार ने जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में यह ऐलान किया था कि 2024 के आम चुनाव में भाजपा को 50 सीटों पर सिमटा देना है।
लेकिन आज जब मीडिया ने उनसे पूछा तो नीतीश ने कहा कि उन्होंने सीटों की बात की ही नहीं थी। उन्होंने कहा कि मैंने तो ये कहा था कि अगर सारे विपक्षी दल एकजुट हो जायें तो अच्छी सफलता हासिल हो सकती है। मैंने कोई संख्या की बात नहीं कही थी। दिलचस्प बात यह है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जो दावा किया था, उसे जदयू ने बकायदा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर मीडिया को जानकारी दी थी।
जदयू की ओर से जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में ये कहा गया था कि नीतीश कुमार ने भाजपा को 50 सीटों पर सिमटा देने की बात कही है। लेकिन अब नीतीश अपनी ही बयान से पलटी मार गये हैं। वहीं, नीतीश कुमार के दिल्ली में नेताओं से मिलने के सवाल पर जदयू के प्रधान महासचिव केसी त्यागी ने कहा कि मुख्यमंत्री किन-किन नेताओं से मिलेंगे इसका पूरा ब्योरा अभी नहीं दे सकते। लेकिन नीतीश दिल्ली में राहुल गांधी से मिलने जायेंगे ये तय हो चुका है। वे कई और पार्टियों के नेताओं से भी मिलेंगे।