पटनाः भाजपा अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन सोमवार को पहली बार पटना पहुंचे। बापू सभागार में नितिन नबीन के सम्मान में अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। यहां भगवा गमछा लहरा कर पार्टी कार्यकर्ताओं ने नए अध्यक्ष का स्वागत किया। वहीं नितिन नवीन के स्वागत में मंच से 'जोड़ी मोदी-नीतीश के...' बजाकर जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान नितिन नबीन ने अपने संबोधन में कहा कि जो पार्टियां स्वयं से शुरू होकर स्वयं पर ही खत्म हो जाती हैं, उनसे बिहार और देश का भविष्य उज्ज्वल नहीं हो सकता है।
उन्होंने कहा कि 2006 में, जब हमने अपने पिता के निधन के बाद राजनीति की शुरुआत की थी और आज उसे 20 साल होने जा रहे हैं। नितिन नबीन ने कहा कि यही वह समय था, जब हमारे तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष राधा मोहन सिंह ने मुझे पहली बार चुनाव लड़ने को कहा था और पार्टी के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह का आशीर्वाद और पूरी पार्टी का समर्थन मुझे मिला था।
उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज मैं बिहार की धरती से आभार व्यक्त करता हूं, जो भरोसा उन्होंने मुझ पर जताया है, मैं उसे और आगे ले जाने का प्रयास करूंगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में मैं आज पहली बार पटना आया हूं। मैं बिहारवासियों का अभिवादन करना चाहता हूं, जिन्होंने मुझे लगातार बिहार विधानसभा का सदस्य बनने का अवसर दिया।
मैंने युवा मोर्चा में लंबे समय तक काम किया है। मैं, उन्हें हमेशा कहता था कि मित्रों, राजनीति को शॉर्टकट नहीं लीजिएगा, राजनीति लांग रन है। मैं इसे आज फिर से दोहराता हूं, मेरे युवा साथियों, अगर हमें पीएम मोदी के सपने को साकार करना है, अगर हमें पीएम मोदी के सपनों का भारत बनाना है, तो हम सबको अपने समय के कालखंड में पुरुषार्थ करना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्रवाद की प्रेरणा दी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने अंत्योदय की परिकल्पना हमारे सामने रखी, और आज हमारी सरकारें उसी परिकल्पना के साथ काम कर रही हैं। अटल बिहारी वाजपेयी ने सुशासन का मंत्र दिया, और आज भाजपा की सरकारें इन तीनों महापुरुषों के विचारों से संचालित हो रही हैं।
नितिन नबीन ने कहा कि मैं कार्यकर्ताओं की भावनाओं को भी प्रणाम करता हूं। कार्यकर्ताओं की भावनाओं को देखकर मेरा विश्वास और मजबूत हुआ कि भाजपा को अभी और आगे जाना है। आज राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में मैं पहली बार पटना आया हूं। मैं बिहार के उन लोगों का अभिवादन करता हूं जिन्होंने मुझे लगातार आशीर्वाद दिया।
मैंने युवा मोर्चा में लंबे अर्से तक काम किया। 2010 से लेकर करीब 10-11 साल युवा मोर्चा में काम किया। मैं उनसे कहता था कि राजनीति में शॉर्टकट मत इस्तेमाल करना। नितिन नबीन ने कहा कि हमें मेरे पिता जी के समय कार्यकर्ता कितनी कठिन परिस्थितियों में काम करते थे। उस समय के कार्यकर्ताओं ने उस अराजकता को समाप्त किया।
आज मैं बंगाल गया, केरल गया तो देखा कि वहां के कार्यकर्ता बिना सोचे कि सत्ता कब मिलेगी, अपनी कुर्बानी दे रहे हैं। इसलिए जो व्यक्ति, संस्था, जो पार्टी अपना इतिहास नहीं याद रखती, वो समाप्त हो जाती है। इसलिए हमें अपने मजबूत इतिहास को याद रखना चाहिए। बता दें कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन पर पटना में जगह-जगह स्वागत पोस्टर लगाए गए थे।
एयरपोर्ट से लेकर बापू सभागार तक पार्टी कार्यकर्ताओं में खास उत्साह दिखा। स्वागत के लिए बाइक रैली भी निकाली गई, जिसमें सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। पूरे रास्ते भगवा झंडे और बैनर लहराते नजर आए। इस दौरान ‘जोड़ी नीतीश-मोदी के हिट हो गइल’ गाने के साथ उनका अभिनंदन किया गया। एयरपोर्ट से निकलने के बाद नितिन नवीन सीधे बापू सभागार के लिए रवाना हुए।
इसके बाद नितिन नवीन बापू सभागार पहुंचे, जहां भाजपा की ओर से उनके सम्मान में भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया है। समारोह में बिहार के सभी जिलों से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे थे। यहां भी ‘मोदी–नीतीश’ के गीत के साथ उनका स्वागत किया गया और कार्यकर्ताओं ने भगवा गमछा लहराकर अभिनंदन किया।
बापू सभागार में मंच पर उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा, विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार, मंत्री मंगल पांडेय, मंत्री दिलीप जायसवाल, नीतीश मिश्रा, मंत्री श्रेयसी सिंह, बिहार प्रभारी विनोद तावड़े, संजय जायसवाल, राधामोहन सिंह, ऋतुराज सिन्हा, नंद किशोर यादव, शाहनवाज हुसैन, अश्विनी चौबे, रेणु देवी, धर्मशिला गुप्ता, भिखू भाई दलासानिया, हरि सहनी और संजय मयूख सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।