नांदेड़ः महाराष्ट्र के नांदेड़ में शर्मसार करने वाला मामला आया है। महाराष्ट्र में कानून के अनुसार 3 बच्चे के पिता या माता लोकल चुनाव नहीं लड़ सकते हैं। स्थानीय निकाय चुनाव में शख्स को इलेक्शन लड़ना था और वह 3 बच्चे का पिता था। राज्य में स्थानीय निकाय चुनाव लड़ने की इच्छा रखता था। पंचायत चुनाव लड़ने के योग्य होने के लिए अपनी छह वर्षीय बेटी को नहर में फेंककर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने जानकारी दी। महाराष्ट्र में दो से अधिक बच्चे होने पर स्थानीय चुनाव लड़ने की पात्रता समाप्त हो जाती है।
तेलंगाना की सीमा से लगे महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले के मुखेड़ तालुका के केरुड़ गांव का रहने वाला 28 वर्षीय यह व्यक्ति 29 जनवरी को अपनी बेटी के साथ बाइक पर निजामाबाद जिले की ओर आया और उसे नहर में फेंक दिया। नहर में बच्ची का शव देखकर स्थानीय निवासियों ने पुलिस को सूचना दी।
निजामाबाद पुलिस आयुक्त पी साई चैतन्य ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच के लिए तीन टीमें गठित की हैं। मुखेड़ के कुछ निवासियों ने पुलिस द्वारा प्रसारित बच्ची की तस्वीर देखकर उसकी पहचान की। इसके बाद पुलिस टीम गांव पहुंची और पुष्टि की कि मृत बच्ची केरुड़ गांव की ही थी। पुलिस को आगे पता चला कि मृत बच्ची मुखेड में सैलून चलाने वाले एक व्यक्ति की तीन संतानों में से एक थी।
वह अपनी पत्नी और तीन बच्चों (दो बेटियां और एक बेटा) के साथ रहता है। पुलिस ने बताया कि उसने महाराष्ट्र में आगामी ग्राम पंचायत चुनावों में सरपंच पद के लिए चुनाव लड़ने की योजना बनाई थी। हालांकि, पंचायत चुनाव लड़ने के लिए कानूनी सीमा दो बच्चों की है, जिसके कारण वह चुनाव लड़ने के लिए अयोग्य हो जाता।
इसलिए मौजूदा सरपंच ने उसे अपने एक बच्चे को गोद देने का सुझाव दिया। उस व्यक्ति ने अपने बेटे के जन्म प्रमाण पत्र में बदलाव कराने की कोशिश की और इसके लिए पुणे नगर निगम कार्यालय भी गया, लेकिन वह असफल रहा। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने फिर अपने एक बच्चे को खत्म करने और उसे लापता घोषित करने की योजना बनाई।
पुलिस ने बताया कि योजना के तहत आरोपी अपनी बेटी को बाइक पर निजामाबाद ले गया और उसे उनके पैतृक गांव से लगभग 90 किलोमीटर दूर एक नहर में फेंक दिया, जिससे बच्ची की मौत हो गई। जांच के दौरान पुलिस ने घटना के संबंध में आरोपी व्यक्ति और सरपंच को गिरफ्तार किया। मामले का पता चलने पर पुलिस ने हत्या, अपहरण और बीएनएस की अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।