महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष पदः संग्राम थोपटे के साथ-साथ नितिन राउत भी दौड़ में शामिल
By शीलेष शर्मा | Updated: June 30, 2021 21:55 IST2021-06-30T21:54:40+5:302021-06-30T21:55:45+5:30
कांग्रेस प्रभारी एच के पाटिल ने आलाकमान को राज्य में दलित मतदाताओं को लामबंद करने का जो सुझाव दिया उसी के बाद नितिन राउत का नाम अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल हो गया।

नितिन राउत दिल्ली में आलाकमान से लगातार संपर्क बनाए हुये हैं।
नई दिल्लीः महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष पद के लिये कांग्रेस आलाकमान संग्राम अनंतराव थोपटे के साथ साथ महाराष्ट्र सरकार में शामिल ऊर्जा मंत्री नितिन राउत के नाम पर भी विचार कर रहा है।
सूत्र बताते हैं कि पार्टी के प्रभारी एच के पाटिल ने आलाकमान को राज्य में दलित मतदाताओं को लामबंद करने का जो सुझाव दिया उसी के बाद नितिन राउत का नाम अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल हो गया। दलित मतदाताओं को साधने के लिये इस बात पर भी मंथन चल रहा है कि पश्चिमी महाराष्ट्र से सुशील कुमार शिंदे की पुत्री प्रनीति शिंदे को राज्य मंत्री बना दिया जाये और राज्य मंत्री पाटिल को कैबिनेट मंत्री के पद पर पदोन्नति दे जाये।
वर्षा गायकवाड़ पहले से ही मंत्रिपरिषद में शामिल हैं। जिसका सीधा अर्थ होगा कि कांग्रेस नेतृत्व दलित प्रतिनिधित्व को लेकर गंभीर है। उल्लेखनीय है कि नितिन राउत दिल्ली में आलाकमान से लगातार संपर्क बनाए हुये हैं और दलित नेता के रूप में अपनी पहचान बना चुके हैं।