मध्यप्रदेश चुनावः टिकट बांटने को लेकर BJP के सामने खड़ी हुई ये बड़ी समस्या

By बृजेश परमार | Published: November 1, 2018 12:32 PM2018-11-01T12:32:27+5:302018-11-01T12:32:27+5:30

मध्यप्रदेश भाजपा को इस बार टिकट वितरण को लेकर लगातार नई-नई मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा पर संघ का तो दबाव है ही, साथ ही भाजपा के लिए दावेदारों की संख्या इस बार कुछ ज्यादा है।

madhya pradesh election 2018: bjp mahila morcha demands 57 seats in state | मध्यप्रदेश चुनावः टिकट बांटने को लेकर BJP के सामने खड़ी हुई ये बड़ी समस्या

मध्य प्रदेश में बीजेपी पिछले डेढ़ दशकों से सत्ता में है। (फाइल फोटो)

मध्यप्रदेश में भाजपा में चल रही टिकट को लेकर माथापच्ची के बीच दावेदारों द्वारा किए गए शक्ति प्रदर्शन ने भाजपा को चिंता में डाल रखा है। वहीं भाजपा की चिंता तब बढ़ गई जब महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष लता ऐलकर ने पार्टी से इस बार चुनाव में महिला मोर्चा को 24 फीसदी टिकट दिए जाने की मांग कर डाली है। महिला मोर्चा द्वारा 57 महिलाओं को टिकट दिए जाने की मांग का पत्र भी प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह को सौंपा गया है।

बीजेपी में इस बार बढ़ी दावेदारों की संख्या

मध्यप्रदेश भाजपा को इस बार टिकट वितरण को लेकर लगातार नई-नई मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा पर संघ का तो दबाव है ही, साथ ही भाजपा के लिए दावेदारों की संख्या इस बार कुछ ज्यादा है। एक सीट पर भाजपा के सामने 4 से 6 दावेदार सामने आए हैं। दावेदारों ने प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचकर शक्ति प्रदर्शन तक कर डाला। भाजपा इन दावेदारों को शांत भी नहीं कर पाई थी कि भाजपा के सामने नई मुसीबत यह बन गई कि भाजपा महिला मोर्चा ने भी अपनी महिलाओं के लिए पार्टी से 24 फीसदी टिकट दिए जाने की मांग कर डाली। महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष लता ऐलकर ने इस मांग का पत्र प्रदेश भाजपा अध्यक्ष को दिया है। इस पत्र में उन्होंने जिक्र किया है कि इस बार टिकट वितरण में महिला महिलाओं को अधिक से अधिक स्थान दिया जाए। ऐलकर ने पत्र में कहा है कि भाजपा इस चुनाव में 57 महिलाओं को टिकट दे।

वर्तमान में भाजपा की 22 महिला विधायक

उल्लेखनीय है कि वर्तमान में भाजपा की 22 महिला विधायक हैं, इनमें से वर्तमान में पांच महिला विधायक माया सिंह, यशोधरा राजे सिंधिया, अर्चना चिटनिस, कुसुम महदेले एवं ललिता यादव वर्तमान में मंत्री हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक मंत्रियों में माया सिंह का ग्वालियर पूर्व सीट पर विरोध हो रहा है। इसके अलावा छतरपुर से ललिता यादव का विरोध भी किया जा रहा है। संगठन के सर्वे में भी यह सीट कमजोर मानी गई है, फिर भी महिला मोर्चे की सूची में उनका नाम रखा गया है। पन्ना से कुसुम महदेले की जगह आशा गुप्ता के लिए टिकट की सिफारिश महिला मोर्चा ने की है। बाकी सभी महिला विधायकों को फिर उम्मीदवार बनाने की सिफारिश की गई है।

इन महिलाओं को टिकट दिए जाने की सिफारिश

महिला मोर्चा द्वारा भोपाल के गोविंदपुरा से बाबूलाल गौर की बहू कृष्णा गौर, बालाघाट से महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष लता ऐलकर, शिवपुरी से यशोधरा राजे सिंधिया, ग्वालियर पूर्व से माया सिंह, बुरहानपुर से अर्चना चिटनिस, छतरपुर से ललिता यादव, हटा से उमादेवी खटीक, बड़ामलहरा से रेखा यादव, शहडाले से प्रमिला सिंह, पन्ना से आशा गुप्ता, सिहोरा से नंदनी मरावी, बैरसिया से मोहिनी शाक्य, सुरखी से पारुल साहू, पृथ्वीपुर से अनीता सुनील नायक, मनावर से रंजना बघेल, चाचौड़ा से ममता मीना, अशोक नगर से गीता जाटव, पंधाना से योगिता बोरकर, इंदौर क्रमांक-चार से मालिनी गौड़, रतलाम से संगीता चारेल, होशंगाबाद जिले में राजो मालवीय को टिकट दिए जाने की सिफारिश की गई है।

Web Title: madhya pradesh election 2018: bjp mahila morcha demands 57 seats in state

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे