लोकसभा चुनाव 2019: मध्य प्रदेश में सुबह 11 बजे तक लगभग 20.93 प्रतिशत मतदान
By भाषा | Published: May 12, 2019 12:37 PM2019-05-12T12:37:37+5:302019-05-12T12:39:55+5:30
मध्य प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) वी एल कांता राव ने बताया कि इसमें एक करोड़ 44 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करके 138 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।
लोकसभा चुनाव के छठे चरण में मध्य प्रदेश की आठ सीटों पर रविवार सुबह 11 बजे तक लगभग 20.93 फीसदी मतदान हुआ है। चुनाव अधिकारियों के मुताबिक सभी स्थानों पर मतदान शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है और कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है ।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार प्रदेश की आठ लोकसभा सीटों के लिए सुबह 11 बजे तक लगभग 20.93 प्रतिशत मतदान हुआ है। कई मतदान केंद्रों पर लंबी-लंबी कतारें देखी गईं। उन्होंने कहा कि सुबह 11 बजे तक मुरैना में 13.88 प्रतिशत, भिण्ड में 17.64 प्रतिशत, ग्वालियर में 16.86 प्रतिशत, गुना में 25.08 प्रतिशत, सागर में 22.33 प्रतिशत, विदिशा में 23.69 प्रतिशत, भोपाल में 23.58 प्रतिशत और राजगढ़ में 25.16 प्रतिशत मतदान हुआ।
मध्य प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) वी एल कांता राव ने बताया कि इसमें एक करोड़ 44 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करके 138 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। उन्होंने कहा कि मतदान शाम छह बजे तक चलेगा। चुनाव के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं।