Lakhimpur Kheri violence: प्रियंका गांधी सहित कांग्रेस नेताओं का 'मौन व्रत', केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा को बर्खास्त करने की मांग, भाजपा पर हमला
By सतीश कुमार सिंह | Updated: October 11, 2021 15:55 IST2021-10-11T15:46:53+5:302021-10-11T15:55:58+5:30
Lakhimpur Kheri violence: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और पार्टी के अन्य नेताओं ने लखनऊ के जीपीओ में गांधी प्रतिमा के पास मौन व्रत रखा।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी जीपीओ पार्क में धरने में शामिल हुईं।
लखनऊः कांग्रेस की वरिष्ठ नेता प्रियंका गांधी वाड्रा, उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ लखीमपुर खीरी हिंसा के सिलसिले में केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा को बर्खास्त करने की मांग को लेकर सोमवार को मौन व्रत रखा।
कांग्रेस ने कहा कि पीएम मोदी जल्द से जल्द केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा 'टेनी' को बर्खास्त करे। उनका बेटा लखीमपुर खीरी हिंसा में आरोपी हैं। मंत्री के बेटे आशीष को शनिवार को यूपी पुलिस ने 3 अक्टूबर को हुई हिंसा के सिलसिले में गिरफ्तार किया था, जिसमें चार किसानों सहित आठ लोग मारे गए थे।
उसे शनिवार देर रात एक अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी जीपीओ पार्क में धरने में शामिल हुईं। कांग्रेस पार्टी मामले में स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए गृह राज्य मंत्री को बर्खास्त करने की मांग कर रही है।
Congress General Secretary Priyanka Gandhi Vadra & other party leaders observe 'maun vrat' at Gandhi statue at GPO, Lucknow, demanding dismissal of Union Minister for State (Home) Ajay Kumar Mishra whose son is an accused in the Lakhimpur Kheri violence pic.twitter.com/AsHU92rcPq
— ANI UP (@ANINewsUP) October 11, 2021
कांग्रेस के एक प्रवक्ता ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता और नेता राज्य की राजधानी के जीपीओ पार्क में एकत्र हुए और महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने धरने पर बैठ उन्होंने अजय मिश्रा को बर्खास्त करने की मांग की। पार्टी ने मामले में स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए गृह राज्य मंत्री को बर्खास्त करने की मांग की है।
प्रियंका गांधी ने रविवार को वाराणसी में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा था, "कांग्रेस कार्यकर्ता किसी से नहीं डरते, भले ही आप उन्हें जेल में डाल दें या उनकी पिटाई करें। हम तब तक लड़ते रहेंगे जब तक केंद्रीय राज्य मंत्री (अजय मिश्रा) इस्तीफा नहीं देते। हमारी पार्टी ने देश की आजादी के लिए लड़ाई लड़ी है और कोई हमें चुप नहीं करा सकता।'
मिश्रा के बेटे आशीष मिश्रा को शनिवार रात 12 घंटे की पूछताछ के बाद लखीमपुर में गिरफ्तार कर लिया गया था। कांग्रेस के मौन धरने पर सवाल उठाते हुए राज्य सरकार के प्रवक्ता सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा कि कानून अपना काम करेगा और किसी भी तरह के दबाव से प्रभावित नहीं होगा।
उन्होंने कहा,‘‘ अगर वे 'मौन व्रत' या प्रदर्शन करना चाहते हैं तो यह उनका लोकतांत्रिक अधिकार है।’’ उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का नाम लिये बगैर कहा,‘‘ हमारे प्रधानमंत्री दस साल से 'मौन व्रत' कर रहे थे, हो सकता है कि अगर वे 'मौन व्रत' पर बैठें तो वे प्रधानमंत्री बनने का सपना भी देख सकते हैं।’’