कोविड-19 : साधारण ढंग से मनाया जा रहा महाराष्ट्र का स्थापना दिवस

By भाषा | Updated: May 1, 2021 17:33 IST2021-05-01T17:33:27+5:302021-05-01T17:33:27+5:30

Kovid-19: Foundation Day of Maharashtra being celebrated in a simple manner | कोविड-19 : साधारण ढंग से मनाया जा रहा महाराष्ट्र का स्थापना दिवस

कोविड-19 : साधारण ढंग से मनाया जा रहा महाराष्ट्र का स्थापना दिवस

मुंबई, एक मई महाराष्ट्र का 61वां स्थापना दिवस राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण की स्थिति को देखते हुए शनिवार को बहुत साधारण ढंग से मनाया जा रहा है।

यह लगातार दूसरा साल है जब वैश्विक महामारी के कारण राज्य स्थापना दिवस पर बड़े कार्यक्रमों का आयोजन नहीं किया जा रहा है।

सामान्य परिस्थितियों में महाराष्ट्र दिवस को परेड, राजनीतिक बयानों और समारोह के साथ मनाया जाता था। इसके अलावा राज्य के इतिहास और परंपरा को प्रदर्शित करने वाले सरकारी और निजी कार्यक्रम आयोजित किए जाते थे।

उल्लेखनीय है कि एक मई 1960 को बंबई प्रांत का विभाजन कर महाराष्ट्र राज्य गठित करने के उपलक्ष में इस दिन को मनाया जाता है।

इस अवसर पर, मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने दक्षिण मुंबई स्थित राज्य के प्रशासनिक मुख्यालय, ‘मंत्रालय’ पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

ठाकरे ने वहां मराठा सम्राट छत्रपति शिवाजी महाराज, उनकी मां जीजामाता और डॉ बाबासाहेब आंबेडकर की तस्वीरों पर पुष्पांजलि अर्पित की।

गृह मंत्री दिलीप वलसे पाटिल और राजस्व मंत्री बालासाहेब थोराट भी वहां उपस्थित थे।

इससे पहले, ठाकरे ने दक्षिण मुंबई में हुतात्मा चौक का दौरा किया और एकीकृत महाराष्ट्र के वास्ते जीवन का बलिदान देने वाले 105 शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित किया।

ठाकरे और वलसे पाटिल के अलावा, राज्य के मुख्य सचिव सीताराम कुंते, महापौर किशोरी पेडनेकर, राज्य के पुलिस महानिदेशक संजय पांडे, मुंबई जिलाधिकारी राजीव निवातकर और नगरपालिका आयुक्त आई एस चहल भी वहां मौजूद थे।

राज्य के अन्य हिस्सों में, पालक मंत्रियों ने संबंधित जिला मुख्यालयों पर तिरंगा फहराया।

राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने मराठी में जनता को संबोधित करते हुए कहा कि संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच महाराष्ट्र सरकार ने गत दिनों में कोविड-19 टीकाकरण की गति बढ़ाई गई है।

कोश्यारी ने यह भी कहा कि राज्य सरकार महामारी पर नियंत्रण करने के प्रयासों के साथ-साथ विकास की गति को भी बनाए रखने के लिए काम कर रही है।

दूरदर्शन और अकाशवाणी पर प्रसारित संबोधन में कोश्यारी ने कहा, ‘‘विकास की गति बनाए रखने के साथ-साथ सरकार समाज के दबे -कुचले एवं हाशिये पर रह रहे लोगों, महिलाओं और किसानों के लिए न्याय सुनिश्चित करने को भी प्रतिबद्ध है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘सरकार पिछले डेढ़ साल से महामारी को नियंत्रित करने के साथ-साथ विकास की गति भी कायम रखने के लिए काम कर रही है।’’

कोश्यारी ने कहा, ‘‘पिछले 15 महीने से हम एकजुट होकर महामारी से लड़ रहे हैं और इसे नियंत्रित करने के लिए कई कदम उठाए हैं। हालांकि, कुछ दिनों में मरीजों की संख्या में अचानक वृद्धि हुई है। सरकार ने टीकाकरण की गति बढ़ाई है।’’

कर्नाटक और महाराष्ट्र के सीमा विवाद पर राज्यपाल ने कहा कि राज्य सरकार इस मुद्दे को उच्चतम न्यायालय में सुलझाने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने सभी नागरिकों से कोविड-19 के नियमों का पालन करने और एकजुट होकर कोरोना वायरस को हराने की अपील की।

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने शनिवार को कहा कि कई राज्यों में कोरोना वायरस के मामले बहुत तेजी से बढ़ने के चलते केंद्र दबाव में है क्योंकि उसे ऑक्सीजन एवं अन्य सामग्रियों की आपूर्ति करनी होती है।

उन्होंने कहा, ‘‘महामारी की पहली लहर के दौरान महाराष्ट्र पर बड़ी मार पड़ी थी। लेकिन दूसरी लहर में तो कुछ अन्य राज्य भी संभवत: चुनावी सभाओं एवं कुंभ मेले की वजह बुरी तरह प्रभावित हुए । इसलिए केंद्र दबाव में है क्योंकि उसे इन राज्यों को ऑक्सीजन एवं अन्य सामग्रियों की आपूर्ति करनी होती है। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘ मैं महसूस करता हूं कि केंद्र को अन्य देशों को टीकों का निर्यात नहीं करना चाहिए था।’’

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि विशेषज्ञों ने इस महामारी की तीसरी लहर का भी अनुमान व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए हम महाराष्ट्र में स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि सरकार ऑक्सीजन की आपूर्ति के लिए बुनियादी ढांचे स्थापित कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘केंद्र और राज्य सरकारों ने इस स्थिति से काफी कुछ सीखा है।’’

राज्य कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे टीके की कीमत का भुगतान करें और गरीबी परिवारों को गोद लेकर उनके बिलों का भी भुगतान करें और मुख्यमंत्री राहत कोष में दान करें।

मुंबई स्थित कांग्रेस कार्यालय पर तिरंगा फहराने के बाद पटोले ने कहा कि राज्य सरकार महामारी का बहादुरी से मुकाबला कर रही है।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के महाराष्ट्र अध्यक्ष जयंत पटेल ने कहा कि राज्य ने सफलतापूर्वक कई आपदाओं को हराया है और कोरोना वायरस के सामने आत्मसमर्पण करेंगे।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Kovid-19: Foundation Day of Maharashtra being celebrated in a simple manner

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे