शपथ ग्रहणः 18 मई को सुबह 10 बजे वीडी सतीशन लेंगे शपथ?, कांग्रेस, आईयूएमएल, केईएम, आरएसपी के विधायक बनेंगे मंत्री?
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: May 15, 2026 19:41 IST2026-05-15T19:40:09+5:302026-05-15T19:41:27+5:30
Keralam swearing-in ceremony: यूडीएफ के विभिन्न नेताओं के साथ बातचीत जारी रहेगी और मंत्री पदों पर जल्द ही निर्णय लिया जाएगा।

file photo
तिरुवनंतपुरम: केरल की नयी सरकार के पूरे मंत्रिमंडल के सोमवार को शपथ ग्रहण करने की उम्मीद है और मंत्रियों की सूची को जल्द ही अंतिम रूप दिए जाने की संभावना है। संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के संयोजक अडूर प्रकाश ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। यूडीएफ के सहयोगी दलों - कांग्रेस, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल), केरलकांग्रेस (केईएम), रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (आरएसपी) और अन्य दलों के नेताओं ने तिरुवनंतपुरम के कैंटोनमेंट हाउस में एक बैठक की। विधानसभा चुनावों में शानदार जीत हासिल करने के बाद यूडीएफ की यह पहली औपचारिक बैठक थी।
चुनाव परिणाम की घोषणा चार मई को की गई थी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला बैठक में शामिल नहीं हुए। प्रकाश ने कहा, ‘‘यह यूडीएफ की सिर्फ एक औपचारिक बैठक थी। हम शनिवार को फिर मिलेंगे और फैसले लेंगे। सोमवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं।’’
उन्होंने कहा, “हमारा इरादा है कि सोमवार को ही पूरा मंत्रिमंडल शपथ ले ले। हम शनिवार को पूरे मंत्रिमंडल के बारे में विस्तृत जानकारी देंगे।’’ प्रकाश ने कहा कि यूडीएफ के विभिन्न नेताओं के साथ बातचीत जारी रहेगी और मंत्री पदों पर जल्द ही निर्णय लिया जाएगा।
कम्युनिस्ट मार्क्सवादी पार्टी (सीएमपी) के नेता सी पी जॉन ने कहा कि सोमवार को पूर्ण मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण समारोह की संभावना है और शनिवार को भी चर्चा होगी। उन्होंने कहा, “चुनाव में जीत के बाद यह पहली औपचारिक बैठक थी। बैठक के दौरान, केपीसीसी अध्यक्ष ने पार्टी का निर्णय बताया और सभी ने इसका समर्थन किया। यह काफी हद तक एक औपचारिकता थी।’’
उन्होंने कहा कि विभागों के आवंटन पर चर्चा अभी भी जारी है। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह मंत्री बनेंगे, तो जॉन ने कहा, ‘‘ऐसा हो सकता है।’’ आईयूएमएल नेता पी के कुन्हालीकुट्टी ने बताया कि केरल के मुख्यमंत्री पद के लिए नामित वीडी सतीशन एर्नाकुलम के लिए रवाना हो चुके हैं और यूडीएफ के अन्य नेता भी रास्ते में हैं।
उन्होंने कहा, “आज कोई फैसला नहीं होगा। शनिवार को चर्चा जारी रहेगी। यह सिर्फ एक औपचारिक बैठक थी।’’ कुन्हालीकुट्टी ने कहा कि चर्चाओं का विवरण शनिवार को सार्वजनिक किया जाएगा। हाल में केरल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ ने 140 में से 102 सीट जीतीं। सतीशन और अन्य मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार को सुबह 10 बजे आयोजित किया जाएगा।