4 दिन से लापता थी 3 साल की मासूम, नाना के घर से 25 मीटर दूर भूस्सी घर से तेज दुर्गंध, लोगों ने अंदर देखा तो सड़ा-गला शव
By एस पी सिन्हा | Updated: May 15, 2026 17:26 IST2026-05-15T17:25:18+5:302026-05-15T17:26:07+5:30
अररियाः अगले ही दिन 11 मई की दोपहर वह घर के बाहर खेलते-खेलते अचानक लापता हो गई. परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद उसी शाम ताराबाड़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई.

सांकेतिक फोटो
अररियाःबिहार में अररिया जिले के ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के तेगछिया गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शुक्रवार सुबह एक भूस्सी घर से तीन साल की मासूम बच्ची का सड़ा-गला शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान शिवांशी के रूप में हुई है, जो पिछले चार दिनों से लापता थी. पुलिस को आपसी रंजिश में हत्या की आशंका है.
जानकारी के अनुसार, बच्ची ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के तरौना गांव निवासी सुशील सिंह की बेटी थी. वह 10 मई को अपने माता-पिता के साथ तेगछिया गांव स्थित नाना मायानंद सिंह के घर आई थी. अगले ही दिन 11 मई की दोपहर वह घर के बाहर खेलते-खेलते अचानक लापता हो गई. परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद उसी शाम ताराबाड़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई.
शुक्रवार सुबह ग्रामीणों को नाना के घर से करीब 25 मीटर दूर एक भूस्सी घर से तेज दुर्गंध आई. शक होने पर जब लोगों ने अंदर देखा तो वहां बच्ची का सड़ा-गला शव पड़ा मिला. शव मिलने की सूचना मिलते ही पूरे गांव में मातम छा गया. घटना की जानकारी मिलते ही अररिया सदर एसडीपीओ सुशील कुमार के नेतृत्व में ताराबाड़ी, कुर्साकांटा और अररिया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची.
मामले की जांच के लिए डॉग स्क्वायड टीम को भी बुलाया गया. पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया है. इधर, मासूम बच्ची की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम का माहौल है.