जम्मूः जम्मू कश्मीर विधानसभा में आज उस वक्त माहौल गरमा गया जब कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के विधायकों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। यहां कांग्रेस के कुछ विधायक पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। इस पर भाजपा के विधायक भड़क गए और जवाबी नारे लगाने लगे। यहां स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई जब भाजपा के कुछ विधायकों ने राहुल गांधी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां करनी शुरू कर दीं। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की की नौबत आ गई। विधानसभा में बढ़ते हंगामे को देखते हुए सुरक्षाकर्मियों को बीच-बचाव करना पड़ा, जिसके बाद किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया गया। जम्मू कश्मीर विधानसभा में शुक्रवार, 27 मार्च को बजट सत्र की शुरुआत में ही बड़ा हंगामा शुरू हो गया।
उमर अब्दुल्ला की नेशनल कांफ्रेंस और महबूबा मुफ्ती की पीपल्स डेमोक्रेटिक पार्टी के विधायकों ने सदन में इजरायल मुर्दाबाद के नारे लगाए। इसी के साथ, ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर खामेनेई के बैनर भी लहराए गए। वहीं भारतीय जनता पार्टी विधायकों ने नेशनल ला यूनिवर्सिटी के बैनर लहराए। विधानसभा के वेल में विधायकों ने खामेनेई की तस्वीर लेकर प्रदर्शन किया।
दूसरी ओर भाजपा ने भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे लगाए। हंगामे के बीच में अमेरिका हाय-हाय का शोर भी सुनाई दिया। नेशनल कांफ्रेंस विधायक तनवीर सादिक ने काले कपड़े पहने हुए थे और माथे पर कुछ लिखा हुआ था। विधायक ईरान पर इजरायल और अमेरिका के हमले के खिलाफ हैं।
इसके अलावा, भाजपा विधायक ने जम्मू को इंसाफ दो के नारे लगाए और नेशनल ला यूनिवर्सिटी को लेकर मांग रखी। सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के विधायक हाथ में पोस्टर लिए नारेबाजी करते नजर आए स्थिति इतनी बेकाबू हो गई थी कि मजबूरन 20-25 मिनट की कार्यवाही के बाद ही आधे घंटे के लिए सदन स्थगित करना पड़ा।
हंगामे की शुरुआत इजरायल के खिलाफ नारेबाजी के साथ हुई। सत्ता पक्ष के विधायक, पीडीपी और कुछ निर्दलीय विधायकों ने भी इजरायल और अमेरिका के खिलाफ नारेबाजी की। हंगामा इतना बढ़ गया मार्शल तैनात करने पड़े। सदन में हंगामे के दौरान भाजपा और कांग्रेस विधायक आमने सामने आ गए।
दोनों दलों के विधायकों की ओर से पीएम नरेंद्र मोदी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नारे लगाए जाने लगे। मामला धक्का-मुक्की तक पहुंच गया अगर मार्शल न आते और बीच-बचाव न कराते तो बात हाथापाई तक पहुंच सकती थी।