गृह सचिव ने दिल्ली में स्थिति की जानकारी गृहमंत्री शाह को दी

By भाषा | Published: January 26, 2021 05:53 PM2021-01-26T17:53:02+5:302021-01-26T17:53:02+5:30

Home Secretary informed Home Minister Shah about the situation in Delhi | गृह सचिव ने दिल्ली में स्थिति की जानकारी गृहमंत्री शाह को दी

गृह सचिव ने दिल्ली में स्थिति की जानकारी गृहमंत्री शाह को दी

नयी दिल्ली, 26 जनवरी केन्द्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने मंगलवार को दिल्ली में किसानों की ट्रैक्टर परेड से जुड़ी स्थिति की जानकारी गृह मंत्री अमित शाह को दी।

गौरतलब है कि किसानों की ट्रैक्टर परेड आज कई जगहों पर हिंसक हो गयी जिसके कारण पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और आंसू गैस के गोले दागने पड़े। किसानों का एक समूह आज लाल किला भी पहुंच गया जहां उन्होंने किले के गुंबदों पर झंडे फहराये। इसके बाद यह बैठक हुई है।

अधिकारी ने बताया कि गृह सचिव ने केन्द्रीय गृह मंत्री से मिलकर उन्हें राष्ट्रीय राजधानी के हालात और शांति बनाए रखने के लिए दिल्ली पुलिस द्वारा उठाए गए कदमों की जानकारी दी। बैठक में कुछ अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने दिल्ली के कई हिस्सों में इंटरनेट सेवा पर अस्थाई रोक लगा दी है।

लाठी-डंडे, हाथों में तिरंगा और यूनियन का झंडा लिए हजारों की संख्या में किसानों ने ट्रैक्टरों पर सवार होकर अवरोधक तोड़े और विभिन्न रास्तों से दिल्ली में प्रवेश करने के बाद लाल किला पहुंच कर उस ध्वज स्तंभ पर झंडा फहराया जहां 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री तिरंगा फहराते हैं।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Home Secretary informed Home Minister Shah about the situation in Delhi

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे