Nayab Singh Saini Haryana New CM: लोकसभा और विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने सभी को चौंका दिया है। हरियाणा में भाजपा ने मुख्यमंत्री को बदल दिया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की जगह हरियाणा भाजपा अध्यक्ष और कुरूक्षेत्र से सांसद नायब सिंह सैनी (Nayab Singh Saini) अगले मुख्यमंत्री होंगे। आज शाम 5 बजे शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री खट्टर और उनके साथी कैबिनेट मंत्रियों ने प्रदेश के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय को मंगलवार को इस्तीफा सौंप दिया था। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जननायक जनता पार्टी (जजपा) गठबंधन में लोकसभा चुनाव से पहले सीट बंटवारे को लेकर दरार पैदा होने की अटकलों के बीच यह घटनाक्रम सामने आया है।
वर्तमान में, 90 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 41 विधायक और जजपा के 10 विधायक हैं। इस गठबंधन को सात में से छह निर्दलीय विधायकों का भी समर्थन प्राप्त है। मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के 30 विधायक हैं और इंडियन नेशनल लोकदल तथा हरियाणा लोकहित पार्टी के पास एक-एक सीट है। भाजपा ने 2019 में राज्य की सभी 10 लोकसभा सीट पर जीत हासिल की थी।
चंडीगढ़ में हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में सैनी को विधायक दल का नेता चुना गया। भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने विधायक दल की बैठक के बाद मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शाम पांच बजे शपथ ग्रहण समारोह होगा। बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक के तौर पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ और हरियाणा मामलों के प्रभारी बिप्लब देब भी मौजूद थे।
कुरुक्षेत्र के सांसद सैनी को पिछले साल अक्टूबर में प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। जननायक जनता पार्टी (जजपा) और भाजपा का गठबंधन टूटने के बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय को आज सुबह अपना इस्तीफा सौंप दिया। राज्य में मंत्रिपरिषद में मुख्यमंत्री खट्टर समेत 14 मंत्री शामिल थे।
इसमें उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के नेतृत्व वाली जजपा के तीन सदस्य थे। दुष्यंत चौटाला ने सोमवार को भाजपा अध्यक्ष नड्डा के साथ सीटों के बंटवारे पर बातचीत की थी। भाजपा की हरियाणा इकाई के नेताओं का एक बड़ा वर्ग जजपा के साथ गठबंधन का विरोध कर रहा था। इसके बाद तेजी से बदले घटनाक्रम में आज मुख्यमंत्री ने इस्तीफा दे दिया और फिर विधायक दल की बैठक बुलाई गई।
राज्य मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री खट्टर समेत 14 मंत्री शामिल थे। इसमें उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के नेतृत्व वाली जजपा के तीन सदस्य थे। इन सभी ने इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों ने बताया कि राज भवन में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में नए मंत्रिमंडल के शपथ लेने की संभावना है। भाजपा ने ‘हरियाणा निवास’ पर अपने विधायकों की बैठक बुलाई है।
बताया जा रहा है कि जजपा के पांच विधायक नयी दिल्ली में पार्टी द्वारा बुलाई गई बैठक में शामिल नहीं हुए। कई भाजपा नेताओं ने पहले कहा था कि पार्टी राज्य की सभी 10 लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ेगी।केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, भाजपा द्वारा पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ और भाजपा के राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला ‘हरियाणा निवास’ में हैं।
खट्टर को करनाल लोकसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ाया जा सकता है। इस बीच, राज्य के शिक्षा मंत्री के रूप में इस्तीफा सौंपने वाले कंवर पाल ने ‘हरियाणा निवास’ के बाहर संवाददाताओं से कहा कि खट्टर मुख्यमंत्री बने रहेंगे। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि भाजपा-जजपा गठबंधन केवल राज्य सरकार के लिए है।