नई दिल्ली: भारत गुरुवार को अपना 74वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। ऐसे में गूगल ने एक शानदार डूडल के जरिए देशवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी है। अपने होमपेज पर गूगल ने अहमदाबाद के कलाकार पार्थ कोथेकर द्वारा तैयार किए गए हैंड कट पेपर आर्टवर्क को बतौर डूडल जगह दी है। डूडल आर्टवर्क में इंडिया गेट पर गणतंत्र दिवस परेड, सीआरपीएफ के मार्चिंग दस्ते और मोटरसाइकिल सवारों को दिखाया गया है।
डूडल आर्टवर्क में राष्ट्रपति भवन भी दिखाया गया है। बता दें कि 1950 में इसी दिन संविधान को अपनाने के साथ भारत ने खुद को एक संप्रभु, लोकतांत्रिक और गणतंत्र राज्य घोषित किया। इस वर्ष का गणतंत्र दिवस भारत के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है। दरअसल, इस बार भारत न सिर्फ अपना 74वां गणतंत्र दिवस मना रहा है बल्कि देश को जी20 की अध्यक्षता भी मिली है।
गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी जी20 की अध्यक्षता संभालने के लिए भारत की सराहना की और इसे लोकतंत्र और बहुपक्षवाद को बढ़ावा देने का अवसर बताया। मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फत्ताह अल-सिसी इस वर्ष के गणतंत्र दिवस के मुख्य अतिथि हैं। वो भारतीय सेना, नौसेना, वायु सेना की रेजीमेंटों द्वारा शानदार परेड देखेंगे।