पटना: बिहार भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं बिहार में उद्योग मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने कांग्रेस नेता व लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की राजनीतिक परिपक्वता पर सवाल उठाते हुए उन्हें 'बहिष्कृत नेता' करार दिया है। उन्होंने कहा कि वे अभी तक राजनीतिक रूप से परिपक्व नहीं हुए हैं।
दिलीप जायसवाल ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अक्सर देश विरोधी ताकतों की भाषा बोलते हैं, जिसके चलते न केवल देश की जनता, बल्कि खुद कांग्रेस के नेता भी अब उनसे किनारा करने लगे हैं। उन्होंने राहुल गांधी को 'बहिष्कृत नेता' बताते हुए कहा कि उनकी बातों पर ध्यान देना अब समय की बर्बादी है।
वहीं, राजद द्वारा भाजपा पर लगाए जा रहे आरोपों और अनंत सिंह के रोड शो से जुड़ी चर्चाओं पर उन्होंने कहा कि राजद को दूसरों पर उंगली उठाने से पहले अपना पुराना रिकॉर्ड देखना चाहिए। दिलीप जायसवाल ने कहा कि राजद ने जो 'काला करतूतें' की हैं, उनका हिसाब-किताब उन्हें अगले 100 साल तक देना होगा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राजद फिलहाल इस स्थिति में नहीं है कि वह किसी और पर सवाल उठाए।
मध्य पूर्व में जारी युद्ध और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वैश्विक भूमिका पर गर्व जताते हुए दिलीप जायसवाल ने कहा कि आज पूरी दुनिया शांति के लिए भारत की ओर देख रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी 'ब्रिक्स' जैसे संगठनों में प्रमुख भूमिका निभा रहे हैं और दुनिया के बड़े नेता युद्ध रोकने के लिए उनसे हस्तक्षेप का आह्वान कर रहे हैं। उन्होंने दोहराया कि भारत निश्चित रूप से विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर है।
वहीं, धार्मिक प्रतिमाओं को क्षति पहुंचाने जैसी घटनाओं पर बोलते हुए दिलीप जायसवाल ने कहा कि 140 करोड़ की आबादी वाले देश में कुछ 'सिरफिरे' लोग जाति और धर्म का उन्माद फैलाकर सामाजिक शांति भंग करना चाहते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार ऐसे असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखे हुए है और समाज के सौहार्दपूर्ण वातावरण को बिगाड़ने वालों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
एनडीए में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर चिराग पासवान द्वारा दिए गए बयानों पर दिलीप जायसवाल ने कहा कि चिराग पासवान एनडीए के एक महत्वपूर्ण घटक दल के बड़े नेता हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र स्तर पर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होती रहती है और चिराग पासवान ने जो भी कहा होगा, वह किसी न किसी ठोस आधार पर ही कहा होगा। हालांकि, उन्होंने इस मुद्दे पर कोई अंतिम टिप्पणी करने से परहेज किया।